अजय सैनी, भिवानी। इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने अनाज मंडी का दौरा कर फसल खरीद की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मंडियों में लागू किए गए नए नियमों में ढील नहीं दी गई, तो इसका सीधा असर फसल खरीद पर पड़ेगा और किसान दूसरे राज्यों का रुख करने को मजबूर होंगे।
खरीद नियमों पर सरकार को घेरा
अभय चौटाला ने कहा कि गेहूं की खरीद में आ रही दिक्कतों के कारण किसान राजस्थान और पंजाब जाने की सोच रहे हैं। उन्होंने तर्क दिया कि यदि प्रदेश में खरीद कम होती है, तो केंद्रीय पूल के तहत राज्य सरकार को मिलने वाला हजारों करोड़ रुपये का कमीशन भी घट जाएगा। इनेलो नेता ने प्रदेश की सभी यूनियनों से अपील की कि वे एकजुट होकर इन नए नियमों का विरोध करें। उन्होंने दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि नियम वापस नहीं लिए गए, तो इनेलो किसान हित में बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करेगी।
सिंबल पर लड़ेंगे निकाय चुनाव
नगर निकाय चुनावों को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि इनेलो यह चुनाव अपने पार्टी सिंबल पर लड़ेगी। वहीं, जननायक जनता पार्टी (जजपा) में मची कलह और मनोहर लाल खट्टर पर लग रहे आरोपों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जजपा को मनोहर लाल ने ही बनाया था, अब वे ही इसे लेकर फैसले कर रहे हैं।
महिला आरक्षण का किया स्वागत
नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर अपनी राय रखते हुए इनेलो नेता ने कहा कि उनकी पार्टी महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के पक्ष में है और इस कदम का स्वागत करती है। उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के कार्यकाल में भी इनेलो ने बड़ी संख्या में महिला उम्मीदवारों को मौका देकर नारी शक्ति का सम्मान किया था।

