हरियाणा के बहादुरगढ़ शहर में एक दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर अवैध गोदामों के खतरे को उजागर कर दिया। छोटूराम नगर इलाके में स्थित एक अवैध प्लास्टिक (PVC) कबाड़ गोदाम में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की झुग्गियां भी इसकी चपेट में आ गईं।
प्रदीप धनखड़ , बहादुरगढ़। हरियाणा के बहादुरगढ़ शहर में एक दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर अवैध गोदामों के खतरे को उजागर कर दिया। छोटूराम नगर इलाके में स्थित एक अवैध प्लास्टिक (PVC) कबाड़ गोदाम में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की झुग्गियां भी इसकी चपेट में आ गईं।
इस हादसे में एक प्रवासी युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के रहने वाले शिवबाबू के रूप में हुई है, जो करीब ढाई महीने पहले ही रोज़गार की तलाश में यहां आया था। बताया जा रहा है कि आग लगने के समय वह झुग्गी में सो रहा था और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका, जिससे वह जिंदा जल गया।
दमकल की 8 गाड़ियों ने कई घंटों बाद आग पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया है और परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
PVC कबाड़ के गोदाम में नहीं सुरक्षा के इंतजाम
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, शहर में अवैध PVC कबाड़ के गोदाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिनमें सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं होते। ऐसे गोदामों में आग लगने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद प्रशासनिक कार्रवाई सीमित नजर आती है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। लेकिन यह घटना एक बड़ा सवाल खड़ा करती है कि आखिर कब तक अवैध गोदामों की लापरवाही आम लोगों की जान लेती रहेगी।

