देश में LPG सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह स्थिर और पर्याप्त है. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय (MoPNG) ने नागरिकों को भरोसा दिलाया है कि उन्हें घबराने या पैनिक बाइंग करने की जरूरत नहीं है. मंत्रालय ने कहा कि मौजूदा डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क मजबूत है और देशभर में बिना रुकावट गैस पहुंच रही है. सरकार इसकी लगातार निगरानी कर रही है. सरकार के मुताबिक, देशभर में एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी सिलेंडर खत्म होने जैसी स्थिति नहीं बनी है. 11 अप्रैल को ही 52 लाख से ज्यादा घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी की गई. साथ ही लगभग 98% बुकिंग ऑनलाइन हो रही है, जिससे सिस्टम और ज्यादा पारदर्शी बना है. लोगों से अपील की गई है कि वे बेवजह गैस या ईंधन स्टॉक न करें.

गैस की कालाबाजारी पर 2700 छापे

कालाबाजारी और जमाखोरी पर भी सरकार सख्त है. अब तक 2700 से ज्यादा छापेमारी की जा चुकी है. 219 एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स पर जुर्माना लगाया गया है और 56 की डिस्ट्रीब्यूटर्शिप सस्पेंड कर दी गई है. सरकार वैकल्पिक ईंधन को भी बढ़ावा दे रही है. पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) और इलेक्ट्रिक कुकिंग को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है. मार्च 2026 से अब तक 4.24 लाख नए PNG कनेक्शन दिए जा चुके हैं, जबकि लाखों लोगों ने इसके लिए आवेदन किया है.

एक्साइज ड्यूटी में 10 रुपये प्रति लीटर की कटौती

एनर्जी सप्लाई को बनाए रखने के लिए रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं. पेट्रोल-डीजल की कीमतों को काबू में रखने के लिए एक्साइज ड्यूटी में 10 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई है. साथ ही जरूरत के हिसाब से राज्यों को अतिरिक्त केरोसिन भी दिया जा रहा है.

बिना एड्रेस प्रूफ मिलेगा 5KG वाला सिलेंडर

इससे पहले केंद्र सरकार ने 5Kg LPG सिलेंडर की बिक्री के नियम आसान किए हैं. अब कोई भी बिना एड्रेस प्रूफ छोटा सिलेंडर खरीद सकेगा. इसके लिए सिक्योरिटी राशि जमा करने की जरूरत नहीं होगी. पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, यह कदम प्रवासी मजदूरों और बिना स्थायी पते वाले लोगों के लिए उठाया गया है. अब ग्राहकों को ऑथोराइज्ड डिस्ट्रीब्यूटर के पास जाकर सिर्फ एक फोटो-ID दिखानी होगी और वे तुरंत सिलेंडर ले सकेंगे.

मंत्रालय ने कहा कि 5 किलो सिलेंडर के लिए ज्यादा डॉक्यूमेंट्स की जरूरत नहीं है. ग्राहक आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर आईडी दिखाकर सिलेंडर ले सकते हैं. इसे साल में जितनी बार चाहें, रिफिल करवा सकते हैं.

2000 नाविकों की सुरक्षित वापसी

समुद्री मोर्चे पर भी हालात सामान्य हैं. देश के सभी बंदरगाहों पर कामकाज बिना किसी रुकावट के चल रहा है. भारतीय जहाज और नाविक सुरक्षित हैं और अब तक 2000 से ज्यादा भारतीय नाविकों को सुरक्षित वापस लाया जा चुका है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m