Bihar Politics: बीजेपी विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया है। बीजेपी विधायक दल की बैठक के बाद अब सेंट्रल हाल में होने वाली एनडीए विधायक की बैठक होगी, जिसमें सम्राट चौधरी को एनडीए विधायक दल का नेता चुना जाएगा। इसके बाद सम्राट चौधरी राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। वहीं, कल बुधवार की सुबह 11 बजे सम्राट चौधरी सीएम पद की शपथ लेंगे।

बीजेपी को मिला घूमंतु- रोहिणी

हालांकि सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। रोहिणी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक लंबा चौड़ा पोस्ट करते हुए लिखा कि, मुख्यमंत्री बनाने के लिए बीजेपी को एक घूमंतु ही मिला है।

‘एक नेता तैयार नहीं कर पाई बीजेपी’

रोहिणी आचार्य ने आगे लिखा कि, अपनी स्थापना के 46 वर्ष बीत जाने के बाद भी बिहार में बीजेपी के पास लीडरशिप का ऐसा टोंटा व सूखा है कि बीजेपी न तो कभी अपने दम पर सरकार बना सकी, ना ही कभी किसी विधानसभा चुनाव में अपना कोई मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित-प्रस्तुत कर सकी और ना ही व्यापक जनस्वीकार्यता व पहचान वाला एक नेता तैयार कर सकी।

उन्होंने कहा कि, बिहार में बीजेपी की राजनीतिक कंगाली का आलम तो कुछ ऐसा है कि अब जब वर्षों की मशक्कत के बाद बीजेपी नीतीश कुमार जी को साजिश-प्रपंच के सहारे मुख्यमंत्री की कुर्सी से हटाने में कामयाब हुई, तब भी बीजेपी किसी ऐसे को मुख्यमंत्री बनाने जा रही है, जो मूलतः न तो नागपुरिया नर्सरी से है और ना ही बिहार बीजेपी की बंजर बगिया से।

‘मोदी जी को जिंदा गाड़ने की धमकी….’

रोहिणी आचार्य ने कहा कि, घाट-घाट घूम कर आए एक घूमंतु को मुख्यमंत्री बनाने की मजबूरी से ही साफ है कि अंदर से बीजेपी का खेमा बिहार में पूरी तरह से खोखला-खाली और खानाबदोशों के भरोसे है। बीजेपी की मजबूरी का आलम तो कुछ ऐसा है कि उसे एक ऐसे शख्स को मुख्यमंत्री चुनना पड़ा, जिसके पिता (शकुनी चौधरी) ने तो मोदी जी को ही जिंदा जमीन में गाड़ देने की बात की थी और जिसने खुद नीतीश कुमार जी को राजनीतिक तौर पर मिटटी में मिला देने की बात सार्वजनिक मंच से कही थी, कहीं ऐसा तो नहीं कि इसी धमकी-गीदह भभकी से डर गए बीजेपी, नीतीश कुमार जी के साथ-साथ एनडीए वाले।

रोहिणी आचार्य ने अंत में लिखा कि, बिना प्रतिज्ञा पूरी किए मुरेठा खोलने, फर्जी डिग्री, फर्जी जन्म – प्रमाणपत्र वाला मुख्यमंत्री मुबारक हो बीजेपी वालों।

ये भी पढ़ें- Bihar Politics: थोड़ी देर में सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे सम्राट चौधरी, कल पटना आ सकते हैं PM मोदी