धमतरी। आईपीएल सट्टा के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कुरूद थाना क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से 5 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिलेभर में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कुरूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बीएसएनएल ऑफिस के पास दो व्यक्ति ऑनलाइन ऐप के माध्यम से आईपीएल सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपी अपने मोबाइल फोन में BLISSEXCH ऐप के जरिए रुपये का दांव लगाते हुए रंगे हाथ पकड़े गए।

गिरफ्तार आरोपी

  1. जीवन यादव (40 वर्ष), निवासी – पुराना बस स्टैंड, कुरूद
  2. कौशल साहू (31 वर्ष), निवासी – कारगिल चौक, कुरूद

आरोपियों से जब्त सामग्री

  • 2 मोबाइल फोन व 1 आईफोन (लगभग ₹85,000)
  • नगद ₹20,500
  • सफेद रंग की अर्टिका कार (क्रमांक CG-05 AP-8457, कीमत लगभग ₹4,00,000)
    कुल जब्ती: ₹5,05,500

दोनों आरोपी आदतन अपराधी

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कुरूद में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 एवं बीएनएस की धारा 112, 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी आदतन अपराधी है। जीवन यादव के खिलाफ पहले से जुआ एक्ट, धमकी और मारपीट जैसे कई मामले दर्ज हैं, वहीं कौशल साहू के खिलाफ भी जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज है।

अवैध कारोबार के खिलाफ जारी रहेगा अभियान : एसपी

गौरतलब है कि हाल ही में सिटी कोतवाली धमतरी पुलिस ने भी सिहावा चौक में दबिश देकर 5 जुआरियों को गिरफ्तार किया था, जिनके पास से ₹83,000 नकद जब्त किए गए थे। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर 6 प्रकरणों में ₹1.39 लाख से अधिक की राशि जब्त की गई थी। धमतरी एसपी सूरज सिंह परिहार ने कहा है कि जिले में जुआ और सट्टा जैसे अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।