अजय सैनी ,भिवानी। हरियाणा के भिवानी स्थित लक्ष्य स्पोर्ट्स शूटिंग अकादमी में ऑस्ट्रेलिया से आए उच्चस्तरीय शूटिंग प्रतिनिधिमंडल ने दौरा किया। इस दौरान अकादमी के कोच एवं निदेशक एक्स-सूबेदार प्रदीप बेनीवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें अत्याधुनिक सुविधाओं, प्रशिक्षण पद्धति और खिलाड़ियों की उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी।
प्रतिनिधिमंडल ने अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे युवा शूटरों से बातचीत कर उनके अनुभव भी साझा किए। इस मौके पर बताया गया कि अकादमी के प्रतिभाशाली खिलाड़ी आशीष पंघाल को पूर्व में ऑस्ट्रेलिया के एक शूटिंग क्लब के आमंत्रण पर वहां प्रतिस्पर्धा का अवसर मिला था, जहां उन्होंने जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया।
पर्थ में करेंगे भारत का प्रतिनिधत्व
अंतरराष्ट्रीय सहयोग को आगे बढ़ाते हुए अकादमी के चार खिलाड़ियों को ऑस्ट्रेलिया जाने के लिए वीजा आमंत्रण पत्र जारी किए गए हैं। वीजा प्रक्रिया पूरी होने के बाद ये खिलाड़ी 14 जून को पर्थ में आयोजित प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
शूटिंग को ओलंपिक का एक महत्वपूर्ण खेल बताते हुए यह भी कहा गया कि इसमें एक खिलाड़ी अलग-अलग स्पर्धाओं में भाग लेकर कई पदक जीत सकता है। मनु भाकर का उदाहरण देते हुए बताया गया कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीतकर भारत को गौरवान्वित किया है।
दोनों देशों के बीच खेल सहयोग को मिलेगी नई दिशा
दौरे के दौरान यह भी चर्चा हुई कि भविष्य में ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी भी भिवानी आकर प्रशिक्षण लेंगे, जिससे दोनों देशों के बीच खेल सहयोग को नई दिशा मिलेगी।
प्रतिनिधिमंडल में मुर्रे ब्रो (टारगेट पिस्टल ऑस्ट्रेलिया), डॉ. सुनैना सांगवान, राइन डोनाउ पिस्टल क्लब के सेक्रेटरी, प्रवीण सांगवान, चौधरी सज्जन सांगवान और जूनियर ऑस्ट्रेलियाई शूटर सामर्थ्य सांगवान शामिल रहे। यह दौरा हरियाणा को शूटिंग के एक उभरते अंतरराष्ट्रीय केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

