हिसार। पीएलए मार्केट में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। एसी में गैस भरने वाली किट में अचानक हुए विस्फोट के कारण एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान भिवानी के विद्यानगर निवासी मुकेश के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, मुकेश अपनी बाइक से पीएलए मार्केट में खरीदारी करने आया था। वह एक रेहड़ी के पास खड़ा था, तभी पास में ही जूस की दुकान पर खड़े एक अन्य व्यक्ति की बाइक पर रखे बैग में धमाका हो गया। बैग के अंदर एसी गैस भरने वाली किट रखी हुई थी। भीषण गर्मी और गैस के दबाव के कारण किट अचानक फट गई।

नोजल का हिस्सा युवक के सिर पर लगा

धमाके के साथ ही किट की नोजल का हिस्सा तेजी से उछला और सीधे मुकेश के सिर पर जा लगा। इस चोट के कारण मुकेश मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत सक्रियता दिखाई और उसे उपचार के लिए चूड़ामणि अस्पताल ले गए। वहां से उसे हिसार के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

आसपास के लोग घबरा गए

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास के लोग घबरा गए। पुलिस को इस दुर्घटना की सूचना दे दी गई है। शुरुआती जांच के अनुसार, कंप्रेसर किट में अधिक दबाव और अत्यधिक तापमान विस्फोट की मुख्य वजह हो सकते हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।