CG Fraud News : लक्ष्मीकांत बंसोड़, बालोद. छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में आर्मी जवान के साथ ठगी का मामला सामने आया है. अर्जुन्दा थाना क्षेत्र के ग्राम ओडारसकरी निवासी जवान गुंडरदेही स्थित एक निजी बैंक में 2 लाख रुपये के लोन के लिए आवेदन करने पहुंचा था. आरोप है कि बैंक में पदस्थ कर्मचारी रेखराम साहू ने हेरफेर करते हुए 2 लाख की जगह 17 लाख रुपये का लोन सैंक्शन करवा दिया. जैसे ही जवान के खाते में लोन की राशि आई, आरोपी ने किसी अन्य खाते में 15 लाख 50 हजार ट्रांसफर करवा लिए. जवान की पोस्टिंग जम्मू-कश्मीर में है.

ऐसे हुआ ठगी का अहसास

बैंक से लोन की किस्त जमा करने के लिए दबाव आया तब जाकर ऑर्मी जवान को पता चला कि उन्होंने 2 लाख का लोन लेने आवेदन किया है. लेकिन उनके नाम से 17 लाख का लोन निकाल लिया गया है. ठगी होने की जानकारी पर ऑर्मी जवान ने गुंडरदेही थाने पहुंचकर शिकायत दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस ने शुरू की जांच

गुंडरदेही टीआई नवीन बोरकर ने बताया कि आर्मी जवान के साथ ठगी का मामला संज्ञान में आया है. प्राइवेट बैंक के रेखराम साहू के खिलाफ धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है. मामले में पुलिस जांच कर रही है.