कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा के सभी नगर निकायों में 1 मई से स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। दो सप्ताह तक चलने वाले इस अभियान में वार्ड समिति के सदस्यों की अहम भूमिका रहेगी। बेहतरीन कार्य करने वाले वार्डों को रैंकिंग के आधार पर इंसेंटिव देकर सम्मानित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन के विजन को लक्ष्य तक पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शहरी स्थानीय निकायों में नवगठित वार्ड समितियों के सदस्यों से रूबरू हुए। उन्होंने सभी सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था लोगों की सहभागिता से ही संभव है।
उन्होंने समिति के सदस्यों को स्वयं रूट चार्ट बनाने और हर घर तक कूड़ा उठाने वाले वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, सदस्यों को अपने सुझाव देने के लिए प्रेरित किया, ताकि अच्छे सुझावों को अभियान में शामिल किया जा सके।
शिकायतों की सुनवाई के लिए एक राज्यस्तरीय हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाएगा। यदि कोई अधिकारी कूड़ा उठान से संबंधित शिकायत नहीं सुनता है, तो वार्ड समिति के सदस्य उस अधिकारी की शिकायत हेल्पलाइन पर दर्ज कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने आम लोगों को भी इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया और कहा कि जो लोग कूड़ा इधर-उधर फेंकते हैं, उन्हें समझाया जाए। उन्होंने नुक्कड़ नाटक एवं अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
उन्होंने वार्ड समिति के सदस्यों को “मेरा वार्ड, स्वच्छ वार्ड” के संकल्प को पूरा करने का आह्वान करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सदस्यों की शिकायतों का निवारण प्राथमिकता के आधार पर करें।
इसके अलावा, उन्होंने सदस्यों से अपने क्षेत्र में शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही, सार्वजनिक पार्क, स्ट्रीट लाइट, स्टेडियम और सरकारी अस्पतालों में स्वच्छता के साथ-साथ अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमियों की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने को कहा।
उन्होंने पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में भी जनता की सहायता करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा, मुख्यमंत्री के उपप्रधान सचिव यशपाल तथा स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के मिशन निदेशक शाश्वत सांगवान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

