पानीपत। औद्योगिक नगरी पानीपत के सेक्टर-25 पार्ट-2 स्थित जेके हैंडलूम हाउस में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। सुबह करीब 7:30 बजे लगी इस आग ने चंद मिनटों में ही पूरी तीन मंजिला बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि समय रहते अधिकतर श्रमिक सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

धागे और कच्चे माल ने पकड़ी रफ्तार
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग सबसे पहले फैक्ट्री की ऊपरी मंजिल पर दिखाई दी। हैंडलूम फैक्ट्री होने के कारण अंदर भारी मात्रा में धागा, कपड़ा और अन्य ज्वलनशील कच्चा माल रखा हुआ था, जिसने आग को भड़काने का काम किया। देखते ही देखते आग इतनी विकराल हो गई कि धुएं का काला गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगा।
सामान बचाने की जद्दोजहद
आग लगते ही फैक्ट्री में मौजूद श्रमिकों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कुछ साहसी श्रमिकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर फैक्ट्री के निचले हिस्से से तैयार माल और कीमती सामान बाहर निकालना शुरू किया। फैक्ट्री मालिक की सूचना पर डायल 112 और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की लपटों को बढ़ता देख पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से आसपास की फैक्ट्रियों में भी काम रुकवा दिया।
पड़ोसी उद्यमियों ने बढ़ाया हाथ
हादसे के दौरान पड़ोसी फैक्ट्री मालिकों और उनके कर्मचारियों ने भी एकजुटता दिखाई। दमकल विभाग की गाड़ियों के साथ-साथ पड़ोसी फैक्ट्रियों के कर्मचारियों ने अपने स्तर पर वाटर पाइप और अग्निशमन यंत्रों के जरिए आग को फैलने से रोकने में मदद की। फिलहाल दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने के काम में जुटी हुई हैं और नुकसान का आंकलन आग पूरी तरह शांत होने के बाद ही किया जा सकेगा।

