देश की राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है. पिछले कुछ दिनों से दिल्लीवासी तेज धूप और पसीने से जूझ रहे थे. लेकिन अब राजधानी ने आसमान में बादल और धूल की चादर ओढ़ ली और अब शहर के कई हिस्सों में बारिश हो रही है. मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले ही गुरुवार को शहर के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया था. अलर्ट के मुताबिक दिल्ली में बादल गरजने और बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई थी. एक तरफ पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश का दौर जारी है, वहीं राजस्थान सहित उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है.
मौसम विभाग का येलो अलर्ट और चेतावनी
मौसम विभाग (IMD) ने स्थिति को देखते हुए पहले ही दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया था. विभाग ने चेतावनी दी थी कि गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और तेज रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. दिल्ली का न्यूनतम तापमान आज 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो इस सीजन का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान रहा. वहीं अधिकतम तापमान 39 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान जताया गया था लेकिन अचानक हुई बारिश ने पारे को नीचे धकेल दिया है. आसपास के इलाकों में भी इसी तरह के छिटपुट बादल और बूंदाबांदी का असर देखने को मिल रहा है.
धूल और धुंध की चादर के पीछे का कारण
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बदलाव राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों और पड़ोसी देश पाकिस्तान के ऊपर बनी चक्रवाती स्थिति की वजह से आया है. वहां से उड़ने वाले धूल के कण हवा के साथ दिल्ली-एनसीआर की ओर बढ़ रहे हैं जिसकी वजह से आसमान में धूल भरी धुंध की एक मोटी परत छा गई है. इस कारण हवा की क्वालिटी में भी थोड़ी गिरावट देखी गई है और विजिबिलिटी कम हो गई है. राजस्थान के गंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर में पिछले 24 घंटों से चल रही धूल भरी आंधी और बारिश का सीधा असर अब दिल्ली और उसके आसपास के शहरों में साफ तौर पर महसूस किया जा रहा है.
गर्मी ने तोड़ा सीजन का रिकॉर्ड
दिल्ली में गुरुवार की सुबह इस सीजन की अब तक की सबसे गर्म सुबह दर्ज की गई. न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से ज्यादा है. वहीं, अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान था. चिलचिलाती धूप और बढ़ते तापमान के बीच बारिश होने से गर्मी से राहत मिल सकती है.मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दिल्ली में अचानक मौसम बदलने की वजह राजस्थान और पाकिस्तान के पश्चिमी हिस्सों के ऊपर बना एक ‘प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण’ (Induced Cyclonic Circulation) है. मौसम विशेषज्ञों ने कहा, ‘इन क्षेत्रों से धूल के कण दिल्ली-एनसीआर की ओर आए हैं, जिसकी वजह से धूल भरी धुंध की एक परत छा गई है और वायु गुणवत्ता में गिरावट आई है.’
वहीं, राजस्थान में आज 17 अप्रैल को एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल रहा है. गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनू, जयपुर, अलवर, कोटपूतली, बहरोड़ और दौसा सहित आसपास के जिलों में मेघगर्जन, 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.
शेखावाटी क्षेत्र, जो पंजाब-हरियाणा से सटा हुआ है, वहां इस सिस्टम का ज्यादा असर देखने को मिल सकता है. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और तेज आंधी भी दर्ज की गई है, जिससे अचानक मौसम ठंडा हुआ.
भीषण गर्मी का सितम जारी
हालांकि आंधी-बारिश के इस असर के बावजूद राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में गर्मी का कहर जारी है. प्रदेश में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है. बाड़मेर 42.9°C तापमान के साथ सबसे गर्म जिला रहा, जो सामान्य से 3.2 डिग्री ज्यादा है. जैसलमेर में तापमान 42.8°C दर्ज किया गया.
राज्य के 18 से ज्यादा शहरों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है, जिससे दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. गर्म हवाएं (लू) और तेज धूप लोगों को खासा प्रभावित कर रही हैं.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

