Electricity Price Hike: कर्नाटक में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ा झटका लगा है। कर्नाटक सरकार ने राजस्व घाटे की भरपाई के लिए उपभोक्ताओं से वसूली का प्लान बना लिया है. राज्य सरकार ने बिजली का बिल बढ़ाने का फैसला ले लिया है. इसी के तहत कर्नाटक विद्युत नियामक आयोग (KERC) ने राज्य में बिजली के रेटों में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। विभाग का कहना है कि राज्य में बिजली आपूर्ति कंपनियों (ESCOMs) के राजस्व घाटे की भरपाई के लिए नई दरें लागू की गई हैं। इस फैसले के तहत जहां बेंगलुरु और मैसूर जैसे बड़े शहरों में बिजली महंगी हो गई है, वहीं राज्य के कुछ अन्य हिस्सों में उपभोक्ताओं को राहत दी गई है।

इस फैसले के तहत बेंगलुरु में बिजली की दरों में 56 पैसे प्रति यूनिट की बड़ी बढ़ोतरी की गई है, वहीं मैसूर में भी दाम बढ़ा दिए गए हैं. आयोग ने बिजली कंपनियों के करोड़ों रुपये के राजस्व घाटे की भरपाई करने के लिए इन नई दरों को मंजूरी दी है, जोकि 1 मई 2026 से लागू होंगी.

BESCOM को करीब ₹2,068 करोड़ का नुकसान

आसान भाषा में समझें तो यह सब बिजली कंपनियों के घाटे की भरपाई के लिए हो रहा है. आयोग ने हिसाब लगाया कि अकेले BESCOM को करीब ₹2,068 करोड़ का नुकसान हुआ है और अब इसकी वसूली सीधे जनता की जेब से की जाएगी. राहत बस इतनी है कि यह वसूली एक साथ नहीं बल्कि हर महीने की किश्तों में अगले एक साल तक होगी. यानी अगले महीने से आपके बिल में ‘True-up Charges’ जुड़कर आने लगेंगे.

बिजली की ये नई दरें पूरे कर्नाटक में अलग-अलग हैं. जहां बेंगलुरु (BESCOM) और मैसूर (CESC) के दायरे में आने वाले इलाकों में दाम बढ़े हैं, वहीं राज्य के कुछ शहरों के लिए अच्छी खबर भी है. अगर आप HESCOM, GESCOM या MESCOM जैसे शहरों में रहते हैं, तो आपको बिजली बिल में थोड़ी राहत मिलने वाली है क्योंकि वहां की कंपनियों को ग्राहकों को पैसे वापस (Refund) करने का आदेश दिया गया है.

इस फैसले के बाद जहां बेंगलुरु और मैसूर क्षेत्र के उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा, वहीं उत्तर कर्नाटक और तटीय इलाकों के उपभोक्ताओं को मामूली राहत मिलेगी. आयोग ने साफ किया है कि यह वसूली पिछले वित्त वर्ष के वास्तविक बिजली उपभोग के आधार पर की जाएगी.

किस शहर पर कितना असर

BESCOM में 56 पैसे की बढ़ोतरी
CESC में 15 पैसे की बढ़ोतरी
HESCOM/GESCOM में 10 पैसे का रिफंड
MESCOM में 9 पैसे का रिफंड

कुल मिलाकर, कर्नाटक के बड़े शहरी इलाकों के लिए आने वाला महीना बिजली बिल के लिहाज से काफी भारी पड़ने वाला है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m