दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में शातिर बंटी और बबली की जोड़ी आई है. गर्लफ्रेंड और बॉयफ्रेंड की यह जोड़ी लोगों को फिल्मी स्टाइल में फर्जी आईडी दिखाकर ठगने का काम करते थे. आरोपी खुद तो हाई स्कूल, इंटर पास है लेकिन फिल्में और सीरियल देखकर फर्जी सीबीआई अधिकारी और कस्टम अधिकारी बनकर लोगों को ब्लैकमेल कर लाखों की ठगी कर चुके हैं.

दरअसल, 4 अप्रैल को जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र निवासी इकरा नाम की एक महिला ने लिखित शिकायत देते हुए पुलिस को ये बताया था कि कुछ दिनों पहले व्हाट्सएप के जरिए हिदायतुल्लाह नाम के एक व्यक्ति से उसकी बातचीत शुरू हुई थी. ये बातचीत और कोई नहीं बल्कि दिल्ली का ही मंसूर अहमद कर रहा था.

बहन बनाकर जुटाई सारी जानकारी

इस दौरान उसने इकरा को अपनी बहन बनाकर पहले सारी जानकारी जुटाई और फिर अपनी गर्लफ्रेंड रोजी के साथ मिलकर फर्जी आईडी बनाई. फिर इन्होंने खुद को कभी सीबीआई अधिकारी तो कभी कस्टम अधिकारी बनकर इकरा और उसके परिवार को ठगना शुरू कर दिया था. 5 लाख रुपये ठगे जाने के बाद परेशान होकर इकरा ने जब इसकी शिकायत दर्ज कराई तो पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया. फिर सर्विलांस की मदद से इस प्रेमी जोड़े की धर पकड़ शुरू की तो रविवार को दिल्ली का ये फ्रॉड प्रेमी जोड़ा पुलिस के हफ्ते चढ़ गया.

आरोपियों के पास से पुलिस ने तीन डेबिट कार्ड, तीन मोबाइल फोन, एक फर्जी आईडी, एक फर्जी सर्च वारंट, एक पासबुक और तकरीबन 2 लाख रुपये की नगदी भी बरामद की है.

अब तक 20 लोगों को बनाया शिकार

पुलिस पूछताछ में प्रेमिका रोजी और प्रेमी मंसूर अहमद ने बताया है कि अपने खर्चे पूरे करने के लिए फ़िल्में और सीरियल देखकर ये लोग सोशल मीडिया के जरिए भोले भाले लोगों को अपने जाल में फंसाते थे. उनकी जानकारी हासिल करते हैं और फिर फर्जी आईडी के जरिए उन्हें डरा धमकाकर उनसे लाखों रुपए की ठगी करने का काम करते थे. बताया जा रहा है कि ये प्रेमी जोड़ा अब तक करीब 20 लोगों को अपना शिकार बनाकर लाखों की ठगी कर चुका है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m