दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में रविवार रात मोबाइल लूट का विरोध करना एक दंपती को भारी पड़ गया। इस लूट की कोशिश को रोकने की कोशिश कर रहे दंपति पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिया। इस हमले में बीच बचाव कर रही महिला राखी की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं उसका पति आशु की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि रविवार रात करीब 9 बजे आदर्श नगर थाना पुलिस को आजादपुर के पास रेलवे ट्रैक किनारे स्थित टीपीटी सेंटर झुग्गी में पति-पत्नी पर चाकू से हमला करने की जानकारी मिली। इस दौरान थाना प्रभारी विपिन कुमार इलाके में गश्त कर रहे थे। सूचना मिलते ही वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल दंपती को पास के बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने राखी को मृत घोषित कर दिया, वहीं उसके पति आशु का इलाज चल रहा है। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने मौके पर क्राइम और फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने वहां से साक्ष्य हासिल किए।

गुब्बारा बेचने का काम करता है आशु

जांच में पता चला कि राखी अपने पति आशु और बेटे के साथ रेलवे ट्रैक किनारे स्थित टीपीटी सेंटर झुग्गी में रहती थी। आशु इलाके में गुब्बारा बेचता है। स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि रविवार को तीन बदमाशों ऋतिक, कुणाल और अरबाज ने आशु के बेटे से मोबाइल फोन लूट लिया था। रात में तीनों बदमाशों के उसके घर के पास पहुंचने पर आशु का उनसे विवाद हो गया।

हाथापाई के दौरान बदमाशों ने आशु पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला करने लगे। जिसे देखकर राखी बीच बचाव करने पहुंची। बदमाशों ने उसपर भी चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर वहां से भाग गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आशु बयान देने की हालत में नहीं है। सूचना पर पुलिस ने हत्या और हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक तीन हमलावरों की पहचान कर ली गई है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर उनकी तलाश कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m