अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। राष्ट्र सेवा की वेदी पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों का बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाता। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के जांबाज अधिकारी मनीष रंजन की प्रथम बरसी पर आज पूरा सासाराम भावुक हो उठा। सासाराम के गौरक्षणी स्थित उनके पैतृक आवास पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में न केवल परिजनों की आंखें नम थीं, बल्कि उपस्थित हर नागरिक का सीना गर्व और शोक की मिश्रित भावनाओं से भरा हुआ था।
परिजनों ने साझा किए भावुक संस्मरण
मनीष रंजन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर उनके आवास पर एक विशेष प्रार्थना सभा और पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शहीद के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए उनके चाचा आलोक कुमार और अन्य परिजनों का गला रुंध गया। परिजनों ने मनीष के बचपन के दिनों को याद करते हुए बताया कि उनमें शुरू से ही कुछ अलग करने और देश के लिए मर-मिटने का जुनून था। वह केवल एक अधिकारी नहीं, बल्कि परिवार की उम्मीद और समाज के लिए एक आदर्श थे।
पहलगाम आतंकी हमले में दी थी शहादत
गौरतलब है कि पिछले वर्ष जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों से लोहा लेते हुए इंटेलिजेंस ब्यूरो के अधिकारी मनीष रंजन ने अदम्य साहस का परिचय दिया था। उस कायराना हमले में उन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अपनी जान न्योछावर कर दी थी। आज उनकी बरसी पर परिजनों ने कहा कि मनीष जैसा बेटा खोने का गम तो उम्र भर रहेगा, लेकिन हमें इस बात का संतोष और गर्व है कि उसने कायरों की तरह जीने के बजाय देश की रक्षा करते हुए वीरगति को चुना।
प्रेरणा पुंज बना रहेगा बलिदान
श्रद्धांजलि सभा में स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों और युवाओं ने भी शिरकत की। लोगों ने शहीद मनीष रंजन की वीरता को सलाम करते हुए कहा कि रोहतास की मिट्टी ने हमेशा से देश को योद्धा दिए हैं और मनीष उसी गौरवशाली परंपरा के प्रतीक हैं। वक्ताओं ने कहा कि मनीष रंजन का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यनिष्ठा की एक अमर गाथा बना रहेगा। शहीद की याद में मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की गई और भारत माता के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

