Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (22 अप्रैल 2026) की खबरों में पेड़ों की सुरक्षा के लिए रेखा गुप्ता सरकार सख्त, IRS अधिकारी की बेटी का घर में मर्डर, फूड सेफ्टी पर कड़ा एक्शन, जजों की सुरक्षा पर दिल्ली हाईकोर्ट की पुलिस को फटकार प्रमुख रहा।

पेड़ों की सुरक्षा के लिए रेखा गुप्ता सरकार सख्त

राजधानी दिल्ली में अब पेड़ों को नुकसान पहुंचाना आसान नहीं होगा। शहर की हरियाली को संरक्षित करने के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाते हुए एक नई निगरानी व्यवस्था लागू की है। इस व्यवस्था के तहत पेड़ों की कटाई या किसी भी प्रकार की क्षति की घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। नई प्रणाली में आम नागरिकों को भी सीधे तौर पर निगरानी तंत्र से जोड़ा गया है, जिससे लोग पेड़ों से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभाग तक पहुंचा सकेंगे। इससे न केवल जवाबदेही बढ़ेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में जनता की भागीदारी भी मजबूत होगी। इस पहल को दिल्ली सरकार के हरित अभियान का हिस्सा माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य राजधानी में घटती हरियाली को बचाना और शहरी पर्यावरण को संतुलित बनाए रखना है।

पढ़े पूरी खबर…..

IRS अधिकारी की बेटी का घर में मर्डर

IRS Officer Daughter Murder Case: राजधानी में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में बुधवार सुबह एक 22 वर्षीय युवती की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका एक आईआरएस अधिकारी की बेटी बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवती के साथ शारीरिक उत्पीड़न और यौन शोषण की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं।

पढ़े पूरी खबर…..

फूड सेफ्टी पर कड़ा एक्शन

नई दिल्ली। राजधानी में खाने-पीने की गुणवत्ता को लेकर दिल्ली नगर निगम (MCD) सख्त रुख में आ गया है। निगम के जन स्वास्थ्य विभाग ने शहर भर के सभी खाने के प्रतिष्ठानों, दुकानों और अन्य खाद्य कारोबारियों के स्वास्थ्य व्यापार लाइसेंस और परोसे जा रहे व्यंजनों की व्यापक जांच के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में सभी 12 जोन के उप स्वास्थ्य अधिकारियों (डीएचओ) को साफ निर्देश दिए गए हैं कि जांच के दौरान किसी भी तरह की कमी मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

पढ़े पूरी खबर…..

जजों की सुरक्षा पर दिल्ली हाईकोर्ट की पुलिस को फटकार

नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने राजधानी में जजों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिल्ली पुलिस (Delhi Police) से कड़े सवाल किए हैं। एक अहम मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने पूछा कि जब देश के कई राज्यों में न्यायाधीशों को पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) की सुविधा दी जाती है, तो दिल्ली में ऐसी व्यवस्था क्यों नहीं है। सुनवाई के दौरान जस्टिस मनोज जैन ने दिल्ली पुलिस के रुख पर नाराजगी जताई। उन्होंने संकेत दिया कि न्यायाधीशों की सुरक्षा से जुड़ा मामला बेहद संवेदनशील है और इसमें किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि न्यायपालिका की स्वतंत्रता और सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। ऐसे में सुरक्षा मानकों को लेकर स्पष्ट नीति और प्रभावी व्यवस्था होना जरूरी है।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

एलपीजी संकट पर जनहित याचिका: राजधानी में एलपीजी सिलेंडर की कमी और कालाबाजारी के आरोपों को लेकर दायर जनहित याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने सुनवाई से इनकार कर दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि गैस सप्लाई, वितरण व्यवस्था और उसकी निगरानी जैसे मुद्दे कार्यपालिका (सरकारी प्रशासन) के अधिकार क्षेत्र में आते हैं, इसलिए इस पर न्यायपालिका सीधे तौर पर आदेश जारी नहीं कर सकती। याचिका में राजधानी में एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता में कमी और कथित कालाबाजारी को लेकर चिंता जताई गई थी। हालांकि कोर्ट ने कहा कि ऐसे मामलों में संबंधित सरकारी विभाग और नियामक एजेंसियों को ही कार्रवाई करनी होती है। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी आतंकी साजिश का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के मुताबिक, दोनों आरोपी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े एजेंट और गैंगस्टर शहजाद भट्टी के गुर्गे बताए जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी सीधे विदेशी हैंडलर्स के संपर्क में थे और उन्हें एन्क्रिप्टेड ऐप्स के जरिए निर्देश मिल रहे थे। जांच में सामने आया है कि इनमें से एक आरोपी दिल्ली के एक नामी होटल को निशाना बनाने की फिराक में था। (पढ़े पूरी खबर)

नकली प्रोडक्ट ENO और Nescafé बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़: नई दिल्ली। राजधानी में मिलावटी और नकली सामान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। यह फैक्ट्री मधु विहार इलाके में चल रही थी, जहां नकली ENO और Nescafé कॉफी तैयार की जा रही थी। पुलिस के अनुसार, इस रैकेट के जरिए तैयार किए गए नकली उत्पाद देशभर में सप्लाई किए जा रहे थे, जिससे आम लोगों की सेहत को गंभीर खतरा पैदा हो सकता था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 20 लाख रुपये का नकली सामान जब्त किया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी असली ब्रांड की तरह पैकेजिंग कर नकली उत्पाद तैयार करते थे, ताकि उपभोक्ता आसानी से धोखा खा जाएं। (पढ़े पूरी खबर)

पासपोर्ट बनवाना हुआ आसान: नई दिल्ली। पासपोर्ट बनवाने की योजना बना रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। पासपोर्ट सेवा ने दिल्ली के प्रमुख पासपोर्ट सेवा केंद्रों डिफेंस कॉलोनी, शालीमार बाग और झंडेवालान में ऑनलाइन अपॉइंटमेंट स्लॉट की संख्या बढ़ा दी है। इस फैसले से अब आवेदकों को स्लॉट बुक करने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। पहले जहां लोगों को अपॉइंटमेंट पाने में कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता था, वहीं अब स्लॉट बढ़ने से प्रक्रिया तेज और सुगम हो जाएगी। खासतौर पर तत्काल पासपोर्ट बनवाने वाले आवेदकों और यात्रा की योजना बना चुके लोगों को इसका सीधा फायदा मिलेगा। अधिकारीयों के अनुसार, बढ़ती मांग को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है ताकि पासपोर्ट सेवा को अधिक प्रभावी और समयबद्ध बनाया जा सके। आवेदक Passport Seva Portal के माध्यम से आसानी से अपनी सुविधा के अनुसार अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच स्कूलों के लिए नई गाइडलाइन: दिल्ली में जारी भीषण गर्मी और लू के येलो अलर्ट के बीच सरकार ने बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए स्कूलों में नया कदम उठाया है। बढ़ते तापमान और हीट वेव की स्थिति को देखते हुए शिक्षा निदेशालय ने सभी स्कूलों में “वाटर बेल सिस्टम” (पानी वाला ब्रेक) लागू करने का आदेश जारी किया है। इस व्यवस्था के तहत स्कूल समय-समय पर विशेष घंटी बजाकर बच्चों को पानी पीने और खुद को हाइड्रेट रखने के लिए ब्रेक देंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि तेज गर्मी में बच्चे डिहाइड्रेशन और लू से प्रभावित न हों। (पढ़े पूरी खबर)

अवैध दवा बिक्री पर बड़ी कार्रवाई: दिल्ली में अवैध दवा बिक्री के खिलाफ ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहदरा इलाके में छापा मारा है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। टीम ने राशिद मार्केट और खुरेजी गांव क्षेत्र में जांच की, जहां एक व्यक्ति हरभगवान उर्फ भारत को बिना लाइसेंस के दवाइयां बेचते हुए पाया गया। जांच के दौरान मौके से कई दवाइयों का स्टॉक भी बरामद किया गया है, जिसे नियमों के उल्लंघन के तहत जब्त कर लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के पास दवाइयों की बिक्री के लिए आवश्यक लाइसेंस नहीं था, जो गंभीर उल्लंघन माना जाता है। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m