राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी यानी आप (AAP) छोड़ने का ऐलान कर दिया है। आप पार्टी छोड़ने के साथ ही राघव चड्ढा ने बीजेपी में शामिल करने का भी ऐलान किया है। राघव चड्ढा ने संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा में शामिल होने का ऐलान किया। प्रेस कॉफ्रेंस में उन्होंने यह भी बताया कि उनके अलावा चार और सांसदों ने पार्टी से इस्तीफा दिया है। जिन चार सांसदों के बारे में उन्होंने बताया उनमें हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रमजीत सिंह साहनी और स्वाति मालीवाल का नाम भी शामिल है। इस तरह से एक साथ आम आदमी पार्टी के सात सांसदों के इस्तीफे से पार्टी में हलचल तेज हो गई है। वहीं अब स्वाति मालीवाल ने एक्स पर एक पोस्ट करके अरविंद केजरीवाल और पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

‘नौकरी छोड़कर देश सेवा का मार्ग चुना’

स्वाति मालीवाल ने एक्स पर लिखा, “साल 2006 में अपनी नौकरी छोड़कर मैंने देश सेवा का मार्ग चुना था। RTI आंदोलन, अन्ना आंदोलन, आम आदमी पार्टी के गठन और दिल्ली महिला आयोग में 8 साल निष्ठापूर्वक काम करते हुए, मैंने हर चरण में पूरी ईमानदारी और समर्पण से योगदान दिया। जिन सिद्धांतों, मूल्यों और ईमानदार राजनीति के संकल्प के साथ हमने यह सफर शुरू किया था, आज बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि अरविंद केजरीवाल और उनके इशारे पर पूरी आम आदमी पार्टी उन आदर्शों से भटक चुकी है।”

‘आज पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया है’

मालीवाल ने आगे लिखा, “मेरे साथ उनके आवास पर उनके इशारे पर बुरी तरह मारपीट और अभद्रता की गई। उन्होंने अपने गुंडे को बचाने के लिए एड़ी-चोटी का ज़ोर लगा दिया और उसे बड़े-बड़े पदों से नवाज़ा। मुझे बर्बाद करने की धमकियां दी और हर संभव कोशिश की। केजरीवाल के संरक्षण में आम आदमी पार्टी में बढ़ता बेहिसाब भ्रष्टाचार, महिलाओं के साथ उत्पीड़न और मारपीट की घटनाएं, गुंडा तत्वों को बढ़ावा और पंजाब के साथ हो रही धोखेबाजी और लूट को देखते हुए मैंने आज पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया है। मैं इस समय संसदीय समिति की बैठक के लिए इटानगर आई हुई थी। आज रात दिल्ली लौटने के बाद इस विषय पर विस्तार से बात करूंगी।”

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m