अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) के नियमताबाद विकासखंड सभागार में उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे. मंत्री ने इस बैठक में कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव के लिए रिचार्ज किया.

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. निषाद ने भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग और समर्थन के कारण ही वह इस मुकाम तक पहुंचे हैं. डॉ. निषाद ने नामांकन के दौरान उमड़ी भीड़ को जनता और कार्यकर्ताओं के विश्वास का प्रतीक बताया. चुनावी रणनीति पर बात करते हुए मंत्री डॉ. निषाद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की रणनीति स्पष्ट है. पार्टी लगातार जनता के बीच रहकर कार्य करती है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद से ही जीत सुनिश्चित होगी और पार्टी भारी मतों से विजय प्राप्त करेगी.

इसे भी पढ़ें : अब अपराधियों के मन में डर है और…पुलिस आरक्षियों के पासिंग आउट परेड में CM योगी का बयान, ट्रेनिंग को लेकर कह दी बड़ी बात

इस अवसर पर एक दिवसीय कार्यशाला का भी आयोजन किया गया. इसमें डॉ. संजय निषाद ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए उन्हें 1 मई को वाराणसी में होने वाली महारैली को सफल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी. उन्होंने बताया कि मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र में निषाद समाज का वोट बैंक निर्णायक भूमिका निभाता है, इसलिए सभी कार्यकर्ता पूरी तैयारी के साथ चुनाव में जुट जाएं.

गाजीपुर में बच्चे की मौत की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. निषाद ने कहा कि कुछ लोग ऐसी घटनाओं पर राजनीति करते हैं, जो उचित नहीं है. उन्होंने बताया कि एफआईआर दर्ज हो चुकी है और जांच जारी है, इसलिए लोगों को न्यायपालिका पर भरोसा रखना चाहिए. पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि एनडीए की बढ़त है और सरकार बनने का पूरा विश्वास है. दल-बदल के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि विचारधारा बदलने पर नेता विकल्प तलाशते हैं और भाजपा-एनडीए की विचारधारा से प्रभावित होकर लोग जुड़ रहे हैं.