चेतन योगी, देवास। मध्य प्रदेश के देवास में आयोजित श्रीमंत कुश्ती प्रतियोगिता में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आयोजन में खिलाड़ियों और आयोजकों के बीच वजन की विसंगति को लेकर विवाद छिड़ गया। मामला इतना बढ़ा कि पहलवानों के बीच जमकर कुर्सियां चलीं और मारपीट की गई। वहीं स्थिति बेकाबू होता देख पुलिस ने हस्तक्षेप किया और प्रतियोगिता को बीच में ही बंद करवा दिया।

45 किलो वर्ग में 55 किलो का पहलवान

विवाद उस समय शुरू हुआ जब प्रतियोगियों ने आरोप लगाया कि 45 किलो वजन वर्ग की कुश्ती में इंदौर का एक 55 किलो का खिलाड़ी शामिल हुआ है। जिसके बाद अन्य पहलवानों और उनके परिजनों ने आयोजकों पर चढ़ाई शुरू कर दी और इसे धोखाधड़ी करार देते हुए विरोध दर्ज कराया।

ये भी पढ़े: ‘गौ सम्मान यात्रा’ में उमड़ा जनसैलाब: आलीराजपुर में निकाली विशाल रैली, ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा देने की मांग

नन्हे पहलवानों से हुई मारपीट

परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने इस धोखाधड़ी का विरोध किया तो आयोजकों और अन्य लोगों ने उग्र होकर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान 12 से 14 साल के बच्चों को निशाना बनाया गया। इस झड़प में कई बच्चों को चोटें आई हें जिनमें दो की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया।

विरोध के बाद आयोजक हुए फरार

हंगामे और मारपीट के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। खुद को घिरता देख आयोजन समिति के सदस्य और मुख्य आयोजक कार्यक्रम स्थल छोड़कर फरार हो गए। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और सुरक्षा के लिहाज से प्रतियोगिता को बंद करवा दिया।

ये भी पढ़े: गर्मी का ‘अग्नि तांडव’: उमरिया में चलती कार बनी आग का गोला, निवाड़ी में मोबाइल दुकान जलकर खाक

परिजनों ने दर्ज कराई FIR

घटना से आक्रोशित परिजनों ने कोतवाली थाने पहुंचे और आयोजकों के खिलाफ धोखाधड़ी और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए FIR दर्ज कर ली है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m