वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के चुरुईपर गांव में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बारात के स्वागत के दौरान दुल्हन के पिता की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे शादी समारोह में चीख-पुकार मच गई और खुशियों का माहौल गम में बदल गया। मृतक की पहचान चुरुईपर गांव निवासी स्वर्गीय सकलदीप पासवान के 45 वर्षीय पुत्र आरजू पासवान के रूप में हुई है।

अज्ञात स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर

बताया जा रहा है कि आरजू पासवान अपनी सबसे छोटी पुत्री की शादी को लेकर बेहद खुश थे। बरबीघा के मुरगियाचक से बारात उनके घर पहुंची थी। देर रात करीब साढ़े 12 बजे आरजू पासवान बारातियों के स्वागत और व्यवस्था देखने के लिए बाहर निकले थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात स्कॉर्पियो वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और रौंदते हुए मौके से फरार हो गया।

डॉक्टर ने मृत घोषित किया

हालांकि हादसे के दौरान वाहन की नंबर प्लेट घटनास्थल पर गिर गई, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिला है। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए नूरसराय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि मृतक के चार पुत्रियां और दो पुत्र हैं। सभी की शादी हो चुकी थी, और यह उनकी सबसे छोटी पुत्री की शादी थी। लेकिन बेटी की विदाई से पहले ही पिता की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।

परिजनों की ओर से नहीं मिला आवेदन- पुलिस

वहीं इस मामले में नूरसराय थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत हुई है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- सुरक्षा के लिए बिछे करंट तार ने ली युवक की जान, मातम में बदलीं शादी की खुशियां