Shah Rukh Khan Birthday: मुंबई। बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान आज अपना 61वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर उन्होंने फैंस को ऐसा तोहफा दिया है, जिसका इंतजार लंबे समय से किया जा रहा था। उनकी आने वाली फिल्म ‘किंग’ का पहला गाना ‘तू मिल जाए’ रिलीज कर दिया गया है। गाने में शाहरुख का रोमांटिक अंदाज तो देखने को मिलता ही है, साथ ही उनके एक्शन अवतार की झलक भी दिखाई गई है। गाना सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई है।

आधी रात को रिलीज हुआ ‘तू मिल जाए’

शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ को लेकर काफी समय से उत्सुकता बनी हुई है। अब उनके जन्मदिन के मौके पर मेकर्स ने फिल्म का पहला गाना रिलीज कर दिया है। ‘तू मिल जाए’ नाम के इस गाने में शाहरुख खान एक बार फिर रोमांटिक अंदाज में नजर आ रहे हैं। गाने में उनके साथ दीपिका पादुकोण की जोड़ी भी दिखाई दे रही है। दोनों की केमिस्ट्री ने फैंस का ध्यान खींचा है।

रोमांस के साथ शाहरुख का एक्शन अवतार

‘तू मिल जाए’ में शाहरुख का अंदाज सिर्फ रोमांटिक नहीं है। गाने के बीच-बीच में फिल्म के एक्शन की झलक भी देखने को मिलती है। हथियारों की तस्करी और फाइटिंग सीक्वेंस वाले दृश्य फिल्म की कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ाते हैं। इसके अलावा शाहरुख का शर्टलेस लुक भी चर्चा में है। यानी गाने में किंग खान के रोमांस और एक्शन, दोनों अंदाज देखने को मिल रहे हैं।

पहली बार बेटी सुहाना के साथ बड़े पर्दे पर दिखेंगे शाहरुख

फिल्म ‘किंग’ की सबसे खास बात यह है कि इसमें शाहरुख खान अपनी बेटी सुहाना खान के साथ पहली बार बड़े पर्दे पर नजर आएंगे। सुहाना के लिए भी यह फिल्म खास है, क्योंकि यह उनकी पहली थिएटर रिलीज फिल्म होगी। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं, जो इससे पहले शाहरुख के साथ ‘पठान’ में काम कर चुके हैं।

24 दिसंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म

‘किंग’ में शाहरुख और सुहाना के अलावा दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, रानी मुखर्जी और राघव जुयाल जैसे कलाकार भी नजर आएंगे। फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार किया जा रहा है और इसकी रिलीज को लेकर दर्शकों में पहले से ही उत्साह है। ‘किंग’ 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अब पहला गाना सामने आने के बाद फैंस को फिल्म के अगले अपडेट और ट्रेलर का इंतजार रहेगा।

Sukesh Chandrashekhar के 200 करोड़ एक्सटॉर्शन केस में कोर्ट नहीं पहुंचीं नोरा फतेही, 6 नवंबर को फिर किया तलब; अदालत ने लगाई फटकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m