सुप्रिया पांडेय, रायपुर। कांग्रेस प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में आज कांग्रेस विधायक दल की अहम बैठक हुई, जिसमें विधानसभा के विशेष सत्र में सरकार को घेरने की रणनीति बनाई गई। बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि विधानसभा का विशेष सत्र केवल एक दिन का रखा गया है और इसे निंदा करने बुलाया गया है। सत्र के दौरान मुख्यमंत्री विपक्ष और कांग्रेस की निंदा करते नजर आएंगे।
महंत ने कहा कि लोकसभा में जिस मुद्दे पर चर्चा हुई थी, उसी के खिलाफ अब निंदा प्रस्ताव लाया जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस चाहती तो इस सत्र का बहिष्कार कर सकती थी, लेकिन पार्टी ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने का निर्णय लिया है। सभी विधायक सदन में मौजूद रहेंगे। महिला विधायको को पीसीसी चीफ ने तैयारी करवाई है। उनके जहन में कई बातें हैं जो लाना चाहते हैं। हमारे सभी महिला साथी तैयार हैं, वे अपनी बात रखेंगे।
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि यह एक दिवसीय सत्र महिला आरक्षण जैसे अहम मुद्दे पर केंद्रित रहेगा। कांग्रेस की महिला विधायकों को विशेष रूप से तैयार किया गया है और वे सरकार के हर सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। बैज ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, “हम ईंट का जवाब पत्थर से देंगे। हमारी महिला विधायक भाजपा सरकार को मुंहतोड़ जवाब देंगी। भाजपा के लिए कल एक बुरा दिन होगा।


पांच राज्यों के चुनावों को लेकर बैज का बड़ा दावा
पांच राज्यों के चुनावों को लेकर दीपक बैज ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि सभी पांच राज्यों में कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की सरकार बनेगी। साथ ही आरोप लगाया कि बीजेपी ने चुनाव प्रभावित करने की पूरी कोशिश की है। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल पहले भी गलत साबित हुए हैं। अंतिम नतीजों के लिए 4 तारीख का इंतजार करना होगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

