ज्ञान भारद्वाज, गाजियाबाद. बागरानप में हुई मॉब लिंचिंग की दर्दनाक घटना में दिवंगत सोनू जाटव के परिजनों ने सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की. जिसमें सीएम ने पीड़ित परिवार को त्वरित न्याय और आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया. इस दौरान जिला प्रभारी मंत्री असीम अरुण और लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर मौजूद रहे. योग ने मामले को गंभीरता से लिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले दोषी पुलिसकर्मियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.

विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा इस कठिन समय में हम सभी पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं. उन्हें हर संभव न्याय और सहायता दिलाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. बता दें कि 25 अप्रैल 2026 को लोनी की कंचन पार्क कॉलोनी में रहने वाले 32 साल के दलित मालवाहक चालक सोनू जाटव पर बागराणप स्थित एक गोदाम की सफाई के दौरान लाठी-डंडों से हमला किया गया था. इस हमले में गंभीर रूप से घायल सोनू को परिजन रविवार को दिल्ली के GTB अस्पताल ले गए. जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी. लोगों का आरोप है कि पुलिस जांच में गंभीरता नहीं दिखा रही और तथ्यों को दबाने की कोशिश हो रही है.

इसे भी पढ़ें : अतिक्रमण पर दूसरे दिन भी गरजा बुलडोजर, VIP गेट से सपा कार्यालय तक 50 से ज्यादा दुकानें ध्वस्त

मामले में पुलिस ने टीम बनाकर दो आरोपियों को 28 अप्रैल की शाम को गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि विवाद एक मकान की साफ-सफाई को लेकर हुआ था. इसी दौरान गुस्से में आकर उन्होंने सोनू पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई. घटना के बाद दोनों आरोपी छिप गए थे और कहीं बाहर जाने की कोशिश कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया.