अनमोल मिश्रा, चित्रकूट/सतना। मध्य प्रदेश के सतना में बड़ी दुर्घटना हो गई। चित्रकूट रजौला स्थित सुभाष चंद्र बोस बालिका छात्रावास में दरमियानी रात अचानक आग लग गई। इस घटना के बाद छात्राओं में अफरा-तफरी मच गई।
आग की तपिश महसूस होते ही छात्राएं कमरे से बाहर निकलीं और मदद के लिए शोर मचाया। सूचना पर चौकीदार और सहायक वार्डन रंजना पटेल मौके पर पहुंचीं। 112 पर सूचना के बाद पुलिस और दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग में छात्राओं के कपड़े, नकदी, किताबें, बेड और जरूरी सामान जलकर खाक हो गया। राहत की बात रही कि कोई छात्रा हताहत नहीं हुई।
वहीं घटना ने छात्रावास की रात की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्राओं का आरोप है कि अधीक्षिका रात में छात्रावास में मौजूद नहीं रहतीं। इसके अलावा अभिभावकों को घटना की सूचना देने में कथित देरी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, अब प्रशासनिक जांच का इंतजार है कि आग कैसे लगी, सुरक्षा व्यवस्था में क्या कमी थी और छात्राओं के नुकसान की भरपाई कौन करेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


