श्रवण प्रजापति ,सिरसा। जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सिरसा पुलिस ने पंजाब बॉर्डर स्थित सुरतिया नाका पर विशेष “नाइट डोमिनेशन अभियान” चलाया। यह अभियान पुलिस महानिदेशक हरियाणा के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के नेतृत्व में संचालित किया गया।

अभियान के दौरान रोड़ी थाना क्षेत्र में आने वाले सुरतिया नाके पर रातभर सघन चेकिंग की गई। इस दौरान जिले में प्रवेश करने वाले संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी गई। पुलिस ने कुल 123 वाहनों की जांच की, जिनमें से 17 वाहनों के नियम उल्लंघन पर चालान किए गए।


आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है उद्देश्य
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि इस प्रकार के नाइट डोमिनेशन अभियान का मुख्य उद्देश्य रात्रि के समय आमजन को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। इसके तहत पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाकर विभिन्न स्थानों पर नाके लगाए जाते हैं और गश्त बढ़ाई जाती है।


उन्होंने कहा कि इस सुनियोजित कार्रवाई से अपराधियों में कानून का भय उत्पन्न होता है और किसी भी असामाजिक तत्व को पुलिस की नजरों से बचने का मौका नहीं मिलता। विशेष रूप से रात के समय यात्रा करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।


संदिग्ध गतिविधि की सूचना दें पुलिस को
एसपी ने आम नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही महिलाओं को सलाह दी गई है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन नंबर 112 पर पंजीकरण कराएं, ताकि आपात स्थिति में त्वरित सहायता मिल सके।
सिरसा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा के लिए इस तरह के अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।