रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. ऊंचाहार क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जहां 17 दिन पहले दफन किए गए एक युवक के शव को प्रशासन ने गंगा की रेती से दोबारा निकलवाया. यह कार्रवाई मृतक की मां की गुहार पर जिलाधिकारी के आदेश के बाद की गई. मामला ऊंचाहार थाना क्षेत्र के पूरे महेश बख्श मजरे कंदरावा गांव का है. यहां के निवासी 25 वर्षीय राहुल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी, लेकिन उस समय शव को गंगा किनारे रेती में दफना दिया गया था.

परिजनों के अनुसार, राहुल बीते 16 अप्रैल को अपने दोस्तों के साथ नसीरनपुर गांव में एक विवाह समारोह में शामिल होने गया था. देर रात उसके दोस्तों ने ही परिजनों को राहुल की मौत की सूचना दी और शव को घर के बाहर छोड़कर मौके से फरार हो गए. इस घटनाक्रम ने पूरे मामले को और संदिग्ध बना दिया.

इसे भी पढ़ें : जिगरी बना जानी दुश्मनः पहले 2 दोस्तों ने जमकर पी शराब, फिर एक ने दूसरे पर कर दिया धारदार हथियार से हमला, हैरान कर देगी कत्ल की कहानी

मृतक की मां लगातार प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रही थी. आखिरकार उनकी अपील पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने शव को दोबारा निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए. प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में गंगा की रेती से शव को बाहर निकाला गया. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा.