दक्षिण दिल्ली के सर्वोदय एन्क्लेव में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने ‘कच्छा-बनियान’ गिरोह से जुड़े तीन बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, सोमवार तड़के हुई इस कार्रवाई में पकड़े गए आरोपी वही हैं जिन्होंने बीते गुरुवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात इलाके के एक घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद से ही पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह इलाके में चोरी और लूट की कई घटनाओं में शामिल रहा है और रात के समय घरों को निशाना बनाता था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके अन्य साथियों की भी तलाश जारी है।
पेड़ के सहारे घर में एंट्री, परिवार को बनाया बंधक
पकड़े गए आरोपियों ने बेहद शातिर तरीके से इस घटना को अंजाम दिया था। जांच के मुताबिक, आरोपी विजय मंडल पार्क की दीवार से सटे पेड़ पर चढ़े और फिर बालकनी के रास्ते घर में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने कटर से दरवाजे का ताला काटकर घर के अंदर प्रवेश किया। जैसे ही घर के लोग जागे, बदमाशों ने उन्हें धमकाकर बंधक बना लिया और एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने करीब एक घंटे तक पूरे घर को खंगाला और नकदी, ज्वेलरी समेत कीमती सामान लूटकर फरार हो गए।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
पुलिस जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग सामने आए हैं। फुटेज में तीन नकाबपोश बदमाश साफ नजर आ रहे हैं, जिन्होंने पूरी वारदात को बेहद योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, सभी आरोपियों ने दस्ताने और मोजे पहन रखे थे, ताकि मौके पर कोई फिंगरप्रिंट न मिल सके। उनके पास धारदार हथियार और कई औजार भी थे, जो इस गिरोह की पहचान माने जाते हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह गिरोह “कच्छा-बनियान” स्टाइल में वारदात करता है। आरोपी अक्सर बेहद कम कपड़ों में, कभी-कभी सिर्फ कच्छा-बनियान पहनकर ही अपराध को अंजाम देते हैं, ताकि पकड़े जाने की स्थिति में उनकी पहचान मुश्किल हो जाए। अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह बेहद आक्रामक होता है और विरोध करने पर जानलेवा हमला करने से भी नहीं हिचकता। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यदि पीड़ित परिवार ने जरा भी विरोध किया होता, तो यह घटना और भी गंभीर रूप ले सकती थी।
ऐसे हुई गिरफ्तारी
वारदात के बाद मालवीय नगर थाने में केस दर्ज किया गया था और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से बदमाशों की लोकेशन ट्रेस की। सूचना मिलने पर आंबेडकर नगर इलाके के पास पुलिस ने जाल बिछाया। जैसे ही संदिग्ध वहां पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान बदमाशों ने भागने और पुलिस टीम पर हमला करने का प्रयास किया, जिसके बाद संक्षिप्त मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को काबू में ले लिया। अधिकारियों के अनुसार, यह वही आरोपी हैं जो सर्वोदय एन्क्लेव में घर में घुसकर लूट की वारदात में शामिल थे।
अन्य वारदातों से भी कनेक्शन?
गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पुलिस की पूछताछ जारी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि दिल्ली और आसपास के इलाकों में हुई अन्य लूट और चोरी की घटनाओं में भी इनकी भूमिका रही है या नहीं। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह गिरोह कई वारदातों में सक्रिय हो सकता है, इसलिए उनके पुराने रिकॉर्ड और गतिविधियों की भी गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, इस गिरोह की गिरफ्तारी से दक्षिण दिल्ली में हाल के दिनों में बढ़ रही इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद है। पुलिस का मानना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान होने के बाद कई और मामलों का भी खुलासा हो सकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

