IRCTC Scam: बिहार के चर्चित IRCTC घोटाला से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली की राउज ऐवन्यू कोर्ट ने आज 6 मई को आने वाला फैसला टाल दिया है। अब कोर्ट इस मामले में 22 मई को अफना फैसला सुनाएगी, जिसपर पूरे देश की नजर है। इस केस में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव समेत कई लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। कोर्ट पहले ही आरोप तय कर चुकी थी और फैसला सुरक्षित रखा गया था, लेकिन अब इसे आगे की तारीख के लिए टाल दिया गया है।

14 आरोपियों पर आरोप तय

बता दें कि इससे पहले 13 अक्टूबर 2025 में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने IRCTC घोटाले में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव सहित कुल 14 आरोपियों पर गंभीर आपराधिक आरोप तय किए थे। कोर्ट ने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी लालू यादव की जानकारी में हुई और उन्होंने इसमें सीधा हस्तक्षेप किया।

लालू परिवार ने दिल्ली हाईकोर्ट में दी है चुनौती

आपको बता दें कि लालू परिवार ने निचली अदालत के अक्टूबर 2025 में दिए गए उस फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी है, जिसमें उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप तय किए गए थे। हालांकि दूसरी ओर ईडी ने लालू परिवार की ओर से दायर याचिका का जोरदार विरोध करते हुए दावा किया है कि उनके पास इस मामले से जुड़े ‘पुख्ता सबूत’ हैं।

जानें क्या है IRCTC घोटाला?

यह मामला उस समय का है जब लालू प्रसाद यादव 2004 से 2009 तक रेल मंत्री थे। सीबीआई के अनुसार, इस दौरान रांची और पुरी के दो IRCTC होटल को निजी कंपनी सुजाता होटल्स को अनुचित तरीके से लीज पर दिया गया था। एजेंसी का आरोप है कि इसके बदले में लालू यादव के परिवार को कीमती जमीन और शेयर बहुत कम दामों में दिए गए। जांच एजेंसियों के अनुसार, यह सौदा भ्रष्टाचार और साजिश के तहत किया गया था। लालू परिवार ने हालांकि इन सभी आरोपों को राजनीतिक साजिश करार दिया है।

ये भी पढ़ें- चुनाव के बाद हिंसा की आग में झुलस रहा बंगाल: दो लोगों की मौत, रोहिणी ने भाजपा को ठहराया जिम्मेदार