Bihar News: पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद से जगह-जगह पर लगातार हिंसा की खबरें सामने आ रही हैं। सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो का अंबार लगा हुआ है, जिनमें लोगों द्वारा टीएमसी, बीजेपी और कांग्रेस पार्टी के कार्यालयों में तोड़-फोड़ और आगजनी की जा रही है। इस दौरान टीएमसी और बीजेपी के एक-एक कार्यकर्ताओं की मौत हो गई। चुनावी हिंसा को लेकर अब राजनीति भी तेज होने लगी है। इसी क्रम में रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है।

रोहिणी ने भाजपा को बताया जिम्मेदार

रोहिणी आचार्य ने एक लंबा चौड़ा पोस्ट लिखते हुए कहा कि, जनमत लूटने के बाद भाजपा बंगाल को अराजकता की आग में झोंकने पर आमादा है। उन्होंने कहा कि, बंगाल में अभी जैसे हालात हैं, उसे देख कर तो यही प्रतीत होता है कि भाजपा बंगाल को मणिपुर बनाने जा रही है।

रोहिणी आचार्य ने कहा कि, धांधली से हासिल जीत के पश्चात् पूरे प्रदेश में भाजपाई उपद्रवियों-बवालियों- गुंडों का तांडव जारी है। हजारों की संख्या में केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों की मौजूदगी के बावजूद दहशत कायम करने के मकसद से उपद्रवियों-दंगाइयों को तोड़-फोड़, आगजनी, मारपीट और लूटपाट करने की खुली छूट दे दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि, बंगाल के बाहर से हजारों उपद्रवी लाए गए हैं, जो सीधे भाजपा नेताओं के निर्देश पर उत्पात मचा रहे हैं।

‘पुलिस और प्रशासन को बनाया गया मूक-दर्शक’

रोहिणी ने कहा कि, राजधानी कोलकाता में भी अराजक स्थिति कायम होती दिखती है। स्थानीय पुलिस – प्रशासन को हाथ पर हाथ धरे बैठते हुए मूक-दर्शक बने रहने के लिए कहा गया है। तृणमूल कांग्रेस के दफ्तरों को जलाया और तोड़ा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि, दक्षिण २४ परगना में तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी के कार्यालय पर पथराव करवाया गया है, पूर्व मंत्री अरूप विश्वास के दफ्तर में घुस कर भाजपाई गुंडों ने तोड़-फोड़ की है। कोलकाता के टॉलीगंज , कस्बा , पानीहाटी , हावड़ा , सिलीगुड़ी और बलरामपुर में तृणमूल कांग्रेस के कार्यालयों में आगजनी और तोड़-फोड़ की गई है। कोलकाता के ही न्यू मार्केट इलाके में तृणमूल के दफ्तर पर बुलडोजर चला दिया गया है। पूरे प्रदेश में जहां कहीं भी ममता बनर्जी जी की तस्वीरें लगी हैं, उन्हें उपद्रवी तोड़ व जला रहे हैं। चिन्हित कर तृणमूल सर्मथकों,कार्यकर्ताओं को मारा-पीटा और धमकाया जा रहा है।

‘मुस्लिम इलाकों में दंगा भड़काने की कोशिश’

रोहिणी ने आगे लिखा कि, मुस्लिम बहुल इलाकों में भारी संख्या में उपद्रवी भड़काऊ धार्मिक नारा लगाते हुए गाली-गलौज करते देखे जा रहे हैं। मुस्लिम बहुल इलाकों में मुसलमानों को उकसा कर दंगा भड़काने की कोशिश की जा रही है। मुस्लिम बहुल इलाकों में पुलिस बल की तैनाती, गश्ती व् सख्ती तो दूर की बात कहीं पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी की मौजूदगी तक नजर नहीं आ रही है। वीरभूम जिले में तृणमूल नेता अबीर शेख की गला रेत कर हत्या कर दी गई। भाजपाई उपद्रवियों की टोली खुलेआम सडकों पर ममता बनर्जी जी – अभिषेक बनर्जी – सायोनी घोष व् तृणमूल के अन्य बड़े नेताओं को गाली देते दिख रहे हैं। तृणमूल के कई बड़े नेताओं के घरों के बाहर भाजपा के गुंडे नेताओं को घर से बाहर आने की चुनौती देते देखे गए हैं।

‘बिहार और यूपी के लोग कर रहे पलायन’

रोहिणी आचार्य ने बताया कि, उपद्रवी होटलों में बिना पैसा दे कर खाना खा रहे हैं। किराना-परचून की दुकानों से जबरन सामान उठा ले रहे हैं। शहरों-कस्बों में कई बाजार बंद हैं। लूट के डर से बड़ी संख्या में अपनी दुकानें खाली कर व्यापारी दुकान पर ताला जड़ चुके हैं। सडकों पर आम दिनों की तुलना में वाहनों का परिचालन काफी कम हो रहा है। आवश्यक सेवाएं प्रभावित हो रहीं हैं , रोजमर्रा की जरूरत की अतिआवश्यक सामग्रियों की सप्लाई व् वितरण का काम बाधित हो रहा है। वर्त्तमान हालात से भयाक्रांत हो और हिंसा व् हालात बिगड़ने की आशंका में बिहार-यूपी के श्रमिकों का बंगाल से पलायन शुरू हो गया है।

रोहिणी ने अंत में कहा कि, लब्बोलुआब यही है कि बंगाल को अराजकता की आग में धकेला जा रहा है और अपनी सांझी संस्कृति व् सहिष्णुता के लिए जाना जाने वाला बंगाल भाजपा प्रायोजित उपद्रव की वजह से कराह रहा है।

ये भी पढ़ें- बड़ी खबर: कल मंत्री पद की शपथ लेंगे निशांत कुमार! सम्राट सरकार में मिल सकती है अहम जिम्मेदारी