IPL 2026 Playoffs Schedule: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 19वें सीजन के प्लेऑफ्स का पूरा शेड्यूल भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जारी कर दिया है। इस बार सबसे बड़ा बदलाव फाइनल की मेजबानी को लेकर हुआ है, जहां बेंगलुरु से फाइनल की मेजबानी छिन गई है और अब खिताबी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।

बीसीसीआई ने बुधवार, 6 मई को आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि इस बार प्लेऑफ्स के मुकाबले तीन अलग-अलग शहरों में कराए जाएंगे, जो एक “स्पेशल केस” के तौर पर लिया गया फैसला है।

प्लेऑफ्स का पूरा शेड्यूल

क्वालीफायर 1: मंगलवार, 26 मई
एचपीसीए स्टेडियम, धर्मशाला

एलिमिनेटर: बुधवार, 27 मई
न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़

क्वालीफायर 2: शुक्रवार, 29 मई
न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़

फाइनल: रविवार, 31 मई
नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद

प्लेऑफ्स का फॉर्मेट

लीग स्टेज के बाद टॉप-2 टीमें क्वालीफायर 1 खेलेंगी, जहां जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी। हारने वाली टीम को एक और मौका मिलेगा।

वहीं, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें एलिमिनेटर में भिड़ेंगी, जहां हारने वाली टीम बाहर हो जाएगी। विजेता टीम क्वालीफायर 2 में क्वालीफायर 1 की हारने वाली टीम से खेलेगी और फाइनल में जगह बनाएगी।

क्यों बदली गई मेजबानी?

बीसीसीआई ने अपनी मीडिया रिलीज में बताया कि बेंगलुरु को पहले फाइनल की मेजबानी दी गई थी, लेकिन स्थानीय एसोसिएशन और अधिकारियों से जुड़े कुछ ऑपरेशनल और लॉजिस्टिक कारणों के चलते यह फैसला बदला गया। बोर्ड के अनुसार, ये मुद्दे बीसीसीआई की गाइडलाइंस और प्रोटोकॉल के दायरे से बाहर थे, जिसके चलते फाइनल की मेजबानी अहमदाबाद को सौंप दी गई।

इस सीजन की खास बात यह है कि प्लेऑफ्स मुकाबले तीन अलग-अलग शहरों में होंगे, जबकि आमतौर पर इन्हें दो ही वेन्यू में आयोजित किया जाता है। इस बार क्वालीफायर 1 अलग मैदान पर, जबकि एलिमिनेटर और क्वालीफायर 2 एक ही वेन्यू पर होंगे और फाइनल अलग शहर में खेला जाएगा।

IPL 2026 के इस नए प्लेऑफ शेड्यूल ने टूर्नामेंट के रोमांच को और बढ़ा दिया है, और अब सभी की नजरें टॉप-4 टीमों की जंग पर टिकी हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H