सोनू वर्मा,नूंह। नूंह जिले में गुरुवार सुबह अपराध जांच शाखा की टीम और गो-तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में हड़कंप मच गया। अपराध जांच शाखा नूंह के प्रभारी निरीक्षक संदीप मोर के नेतृत्व में गठित टीम ने तावड़ू रोड स्थित पहाड़ क्षेत्र में रिपीटर नाका के पास कार्रवाई करते हुए दो कथित गो-तस्करों को पकड़ लिया।


जानकारी के अनुसार पुलिस को गो-तस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम ने नाका लगाकर संदिग्ध पिकअप गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए।


घायल आरोपियों की पहचान घाटा निवासी नफीस और मुबारिक के रूप में हुई है। दोनों को तुरंत उपचार के लिए नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।


पुलिस ने मौके से दो गोवंश और एक पिकअप गाड़ी बरामद की है। घटना के बाद नूंह सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और तस्करी नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।