गुड़गांव। गुड़गांव के पचगांव-जमालपुर रोड पर एक ट्रक और कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, गांव पुखरपुर निवासी कुलदीप (40), नवल सिंह (68) और समय सिंह (70) किसी काम से जमालपुर गए थे। लौटते समय वे ब्रेजा कार में सवार होकर वापस आ रहे थे।कार कुलदीप चला रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद कार खेतों में जा गिरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क किनारे खेतों में जा गिरी।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस मौके पर पहुंची, ट्रक जब्त
सूचना मिलते ही जमालपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पूर्व सैनिक और पटवारी थे मृतकों में शामिल
पुलिस के मुताबिक मृतकों में नवल सिंह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हवलदार थे, जबकि कुलदीप HSIIDC में पटवारी के पद पर कार्यरत थे।
तीनों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है।
जांच जारी, जल्द गिरफ्तारी का दावा
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी ट्रक चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

