ODISHA DESK, भुवनेश्वर: ओडिशा की राजधानी के बाहरी इलाके बालियंता में युवक सौम्य रंजन स्वाईं की बर्बर हत्या के मामले में एक नया और चौंकाने वाला मोड़ आया है। घटना के समय मौजूद प्रत्यक्षदर्शी युवती ने उस भयानक मंजर को बयां करते हुए मीडिया के सामने अपना बयान दर्ज कराया है।
युवती के अनुसार, घटना वाले दिन सुबह करीब 11 बजे वह अपने साथी के साथ स्कूटी से अपनी मौसी के घर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही एक बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। इसके तुरंत बाद कुछ नशेड़ी युवकों ने उन पर अचानक हमला कर दिया।
युवती ने सनसनीखेज दावा करते हुए कहा, “वे किसी और लड़की को निशाना बनाना चाहते थे, लेकिन उन्होंने हमें समझकर हमला कर दिया। हमलावरों में से एक ने यह भी कहा कि ‘यह वह लड़की नहीं है’, लेकिन इसके बावजूद नशे में धुत युवक ने मेरे दोस्त को बेरहमी से पीटना जारी रखा।”
युवती ने आगे बताया कि हमलावर उसके दोस्त के सिर पर बार-बार वार कर रहे थे और उसे घसीटकर एक कमरे में ले जाने की धमकी दे रहे थे। स्थानीय लोगों के समय पर पहुँच जाने के कारण युवती की जान बच पाई।
सौम्य रंजन की हत्या के इस मामले को राज्य सरकार ने अत्यंत गंभीरता से लिया है। आज सुबह पुलिस महानिदेशक (DGP) और डीसीपी (DCP) ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री मोहन माझी ने इस मामले में संलिप्त सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अब इस ‘गलत पहचान’ (Mistaken Identity) वाले एंगल से भी मामले की गहराई से जांच कर रही है।

