कांग्रेस नेताओं को पार्टी में बड़े पद और चुनावी टिकट दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक जालसाज को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी खुद को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पूर्व सचिव कनिष्क सिंह का करीबी बताकर नेताओं को जाल में फंसाता था। न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, इस मामले में अमृतसर निवासी 42 वर्षीय गौरव कुमार को देहरादून से गिरफ्तार किया गया। उस पर कई राज्यों के कांग्रेस नेताओं से संगठन में प्रभावशाली पद और चुनाव टिकट दिलाने के नाम पर लाखों-करोड़ों रुपये ऐंठने के आरोप लगे हैं।
फर्जी ट्रूकॉलर प्रोफाइल बनाकर लोगों को झांसे में लेता था
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कनिष्क सिंह के नाम से नकली Truecaller प्रोफाइल बनाई थी। इसी पहचान का इस्तेमाल कर वह नेताओं से संपर्क करता और खुद को कांग्रेस आलाकमान से जुड़ा प्रभावशाली व्यक्ति बताता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी सार्वजनिक वेबसाइटों जैसे myneta.info से नेताओं की जानकारी जुटाता था, ताकि बातचीत के दौरान वह भरोसा पैदा कर सके। पुलिस ने बताया कि आरोपी भरोसा जीतने के लिए फोन पर बड़े कांग्रेस नेताओं की आवाज की रिकॉर्डिंग भी सुनाता था, जिससे लोग उसके झांसे में आ जाते थे।
कांग्रेस नेता भावना पांडे हुईं ठगी की शिकार
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब देहरादून निवासी कांग्रेस नेता भावना पांडे ने 3 मई को राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि गौरव कुमार ने उन्हें पार्टी में बड़ा पद दिलाने का भरोसा देकर 25 लाख रुपये ठग लिए। भावना पांडे के मुताबिक, आरोपी ने दावा किया था कि कांग्रेस हाईकमान उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल से नाराज है और संगठन में नेतृत्व परिवर्तन के लिए पैसों की जरूरत है। उसकी बातों पर विश्वास कर उन्होंने अपने सहयोगी के माध्यम से आरोपी को रकम पहुंचाई। हालांकि पैसे मिलने के बाद आरोपी ने उनसे संपर्क तोड़ दिया, जिसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
पुलिस ने जाल बिछाकर किया गिरफ्तार
देहरादून पुलिस के अनुसार, गौरव कुमार को जाखन इलाके से उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह कथित तौर पर कांग्रेस के एक अन्य पदाधिकारी से पैसे लेने पहुंचा था। पुलिस अधीक्षक (शहर) प्रमोद कुमार ने बताया कि “गिरफ्तार आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की गहराई से जांच के लिए पुलिस रिमांड मांगी जाएगी।”
कई राज्यों में फैला था ठगी का नेटवर्क
जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपी अकेले काम नहीं कर रहा था। उसने पंजाब के अपने साथियों छज्जू, रजत माडा और मनिंदर सिंह कालू के साथ मिलकर उत्तराखंड, राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश और बिहार के नेताओं को निशाना बनाया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ हरियाणा, राजस्थान और बिहार में पहले से भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।
पहले भी करोड़ों की ठगी के आरोप
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह कई वर्षों से सक्रिय था। वर्ष 2017 में जयपुर में आरोपी ने खुद को राहुल गांधी का सचिव बताकर दो कांग्रेस नेताओं से कथित तौर पर ₹1.90 करोड़ और ₹12 लाख की ठगी की थी। वहीं 2025 में पटना में एक अन्य कांग्रेस नेता से ₹3 लाख ऐंठने का आरोप भी उस पर लगा। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस ठगी का शिकार और भी कई नेता हो सकते हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन की जांच में जुटी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

