अनूप दुबे, कटनी। महानदी पुल के पास संगम घाट में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां संगम में नहाने गए एक किशोर गहरे पानी में डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस और NDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू कर दी। देर रात तकरीबन 3 बजे गोताखोरों को कामयाबी मिली और शव को बाहर निकाला गया।

ये भी पढ़ें: MP में रफ्तार का कहर: शहडोल, छिंदवाड़ा और इछावर में हुआ बड़ा हादसा, कुलपति के ड्राइवर समेत बाराती की कुचलकर मौत

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार किशोर कटनी के बरही थाना क्षेत्र के समिरिया सानी का रहने वाला है। युवक का नाम अनुपम गुप्ता है जिसकी उम्र 15 साल है। अनुपम शुक्रवार शाम करीब 4 बजे अपने दोस्तों के साथ महानदी के संगम घाट पर नहाने के लिए पहुंचा था। नहाने के दौरान अनुपम अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ आए दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन वह डूबता चला गया। अनुपम को डूबता देख दोस्तों ने शोर मचाया और परिजनों को इसकी सूचना दी।

ग्रामीणों ने अपने स्तर पर तलाश शुरू किया

हादसे की खबर मिलते ही मौके पर परजिनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर तलाश शुरू की लेकिन पानी गहरा होने और अंधेरा होने के चलते सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही बड़वारा थाना प्रभारी के.के. पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

NDRF की टीम ने खोज-बीन शुरू की

​मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के.के. पटेल ने NDRF की टीम को बुलाया। NDRF की टीम शुक्रवार रात करीब 11:00 बजे मौके पर पहुंची। टीम ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी के अंदर और आस-पास के क्षेत्रों में अनुपम की तलाश शुरू की। रात के अंधेरा और नदी के बहाव के बावजूद रेस्क्यू टीम लगातार जांच में जुटी रही।

ये भी पढ़ें: MP में भीषण सड़क हादसा: नेपाल से बेंगलुरु जा रही बस पलटी, 10 यात्री घायल, नशे में था ड्राइवर

रात 3 बजे मिली कामयाबी

​थाना प्रभारी के.के. पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि जैसे ही उन्हें इस घटना की जानकारी मिली तुरंत टीम मौके पर पहुंच गई। मौके की नजाकत को देखते हुए NDRF की टीम को बुलाया गया। नदी के आस-पास और बहाव की दिशा में बालक का पता लगाने के हर संभव प्रयास किए गए। जिसके बाद देर रात टीम को कामयाबी मिली और अनुपम के शव को बाहर निकाला गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m