देव चौहान, मंडीदीप (रायसेन)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के मंडीदीप में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक सनकी युवक ने पुरानी रंजिश के चलते एक किशोरी की उसके घर में घुसकर निर्मम हत्या कर दी। आरोपी हाल ही में पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के एक मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को 12 घंटे के भीतर भोपाल स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है।

ये भी पढ़ें : ग्वालियर लॉ छात्रा की तरह शिवपुरी में भी अपहरणः बंदूक की नोक पर युवती को उठा ले गए 1 दर्जन बदमाश, आरोपी और पीड़ित ने जारी किया वीडियो

क्या है पूरा मामला?

घटना मंडीदीप के वार्ड नंबर 9, राम नगर की है। मृतका अपनी मां के साथ किराए के मकान में रहती थी। आरोपी मनोज अहिरवार कुछ समय पहले तक उसी मकान में रहता था। इसी दौरान किशोरी ने मनोज के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था, जिसके कारण मनोज को जेल जाना पड़ा।

समझौते का बना रहा था दबाव

हाल ही में जेल से छूटने के बाद आरोपी लगातार मृतका और उसके परिवार पर पुराने मामले में समझौते का दबाव बना रहा था। गुरुवार दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच मनोज किशोरी के घर पहुंचा। पहले तो उसने विवाद किया और जब किशोरी व उसकी मां ने उसे घर से भगा दिया, तो वह कुछ देर बाद दोबारा हथियार लेकर लौटा।

सर्जिकल ब्लेड से किया जानलेवा हमला

आरोपी ने घर के भीतर घुसकर किशोरी के गले पर सर्जिकल ब्लेड से हमला कर दिया। हमला इतना सटीक और खौफनाक था कि किशोरी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खून से सना हथियार लेकर मौके से फरार हो गया।

ये भी पढ़ें : कार पार्किंग को लेकर खूनी संघर्ष: पड़ोसियों ने बातचीत के बहाने बुलाकर युवक को बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मंडीदीप थाना प्रभारी रंजीत सराठे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी की। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी मनोज अहिरवार को भोपाल रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। एसडीओपी शीला सुराणा ने बताया कि मामला पुरानी रंजिश और एकतरफा जुनून से जुड़ा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m