CG Weather : प्रमोद निर्मल, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी. जिले में दिनभर की चिलचिलाती गर्मी के बाद शाम होते ही मौसम ने अचानक करवट ले ली. जिले के अधिकांश क्षेत्रों में घने बादल छा गए. कहीं तेज अंधड़ के साथ बारिश, तो कहीं हल्की बूंदाबांदी हो रही है. तेज हवाओं के चलते सड़क किनारे पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं. वहीं बेमौसम बारिश का असर आम की फसल पर भी पड़ता दिखाई दे रहा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है.

मोहला विकाखंड अंतर्गत नेतामटोला, पटेली अरजकुंड, कुंवारदल्ली गांव समेत आस पास में दोपहर 3 बजे के बाद करीब घंटे भर जमकर बारिश हुई. बारिश के साथ तेज आंधी-तूफान के चलते यहां नेतामटोला से टेलीटोला जाने वाले मार्ग मे सड़क किनारे एक विशालकाय आम के पेड़ का बड़ा हिस्सा टूट कर सड़क में गिर गया. इससे कुछ देर आवागमन भी अवरुद्द हुआ. हालांकि ग्रामीणों ने पेड़ को हटाया, जिसके बाद आवागमन दोबारा सुचारु हो गया. वहीं अंबागढ चौकी विकासखंड अंतर्गत ग्राम कौड़ीकसा से पाटन जाने वाले मार्ग में ग्राम अरजकुंड के पास सड़क किनारे एक बड़ा पेड़ गिर गया. 

जिला मुख्यालय मोहला और आसपास के क्षेत्रों में करीब आधे घंटे तक तेज आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश हुई. वहीं मानपुर ब्लॉक मुख्यालय और आसपास के इलाकों में लगभग एक घंटे तक तेज हवाएं चलती रहीं, जिसके बीच हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई. दूसरी ओर अंबागढ़ चौकी में मौसम का खास असर देखने को नहीं मिला और नगरवासी पूरे दिन भीषण गर्मी से जूझते रहे. हालांकि अंबागढ़ चौकी विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में कहीं-कहीं बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश की खबरें सामने आई हैं.

गौरतलब है कि जिले में पिछले एक सप्ताह से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. दोपहर में तेज धूप और उमस के बाद शाम होते-होते अचानक बादल, आंधी और बारिश का दौर शुरू हो जा रहा है. बेमौसम आंधी-तूफान और बारिश का असर जनजीवन के साथ-साथ कृषि पर भी पड़ रहा है. खासकर आम की फसल को भारी नुकसान पहुंच रहा है. तेज हवाओं और बारिश के कारण पेड़ों पर लगे आम टूटकर गिर रहे हैं, जिससे किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ गई है. शनिवार को भी कई क्षेत्रों में आंधी-तूफान के चलते आम की फसल प्रभावित हुई.