अशोक कुमार जायसवाल, मुगलसराय. गुरुवार की देर रात ग्राम सभा हिरदेपुर की एक महिला को जहरीले सांप ने काट लिया. घटना के बाद परिजनों और ग्राम प्रधान की तत्परता से महिला को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से राजकीय महिला चिकित्सालय, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है.

जानकारी के अनुसार पीड़िता संध्या देवी (30 वर्ष), पत्नी गिरधारी लाल, निवासी ग्राम सभा हिरदेपुर, रात में अपने घर पर गोइठा (उपले) निकालने गई थीं. इसी दौरान वहां छिपे एक जहरीले सांप ने उन्हें काट लिया. सांप के काटते ही महिला ने तुरंत घर पहुंचकर अपनी सास को घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिजनों ने ग्राम प्रधान मनोज यादव को फोन कर सूचना दी.
ग्राम प्रधान मनोज यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल एंबुलेंस बुलाई गई. एंबुलेंस समय पर मौके पर पहुंची और महिला को बिना देर किए राजकीय महिला चिकित्सालय, मुगलसराय में भर्ती कराया गया। अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने तुरंत उपचार शुरू कर दिया.

इसे भी पढ़ें : घाघरा नदी की तबाही : जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों की उड़ी नींद, अपने हाथों अपना आशियाना तोड़ने को मजबूर

राजकीय महिला चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. एस.के. चतुर्वेदी ने बताया कि एक महिला को सांप काटने के बाद परिजन अस्पताल लेकर आए थे. महिला का उपचार चिकित्सकों की देखरेख में जारी है. फिलहाल उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यक दवाएं एवं उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है.

ग्राम प्रधान मनोज यादव ने बताया कि चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत में सुधार की उम्मीद है. समय पर एंबुलेंस और चिकित्सा सुविधा मिलने से स्थिति नियंत्रण में है. अस्पताल प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि सांप काटने जैसी घटना होने पर झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय न गंवाएं, बल्कि तुरंत मरीज को नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर चिकित्सकीय उपचार कराएं.