दिल्ली से मेरठ के बीच चलने वाली देश की पहली सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन ‘नमो भारत’ के यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी है। मेट्रो और रेलवे पुलिस की तर्ज पर दिल्ली पुलिस (Delhi Police) रैपिड रेल कॉरिडोर के लिए विशेष सुरक्षा मॉडल तैयार कर रही है। पुलिस की योजना नमो भारत ट्रेन कॉरिडोर (Namo Bharat Train Corridor) और इसके प्रमुख मल्टीमॉडल हब की सुरक्षा के लिए 5 नए थाने स्थापित करने की है। इन थानों के जरिए कॉरिडोर, स्टेशन और आसपास के प्रमुख क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
NCRTC के साथ तैयार हो रही रूपरेखा
जानकारी के मुताबिक, नए थानों को लेकर दिल्ली पुलिस और नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (NCRTC) के बीच समन्वय किया जा रहा है। एनसीआरटीसी के माध्यम से प्रस्तावित थानों की रूपरेखा लगभग तैयार की जा चुकी है। इन थानों के अस्तित्व में आने के बाद नमो भारत कॉरिडोर से जुड़े क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी और निगरानी बढ़ने की उम्मीद है। इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है।
दो लेयर में होगी सुरक्षा व्यवस्था
रैपिड रेल की सुरक्षा व्यवस्था को मुख्य रूप से दो स्तरों में बांटने की योजना है। मेट्रो के सुरक्षा मॉडल की तर्ज पर स्टेशनों के परिसर, चेकिंग पॉइंट और प्लेटफॉर्म की सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के पास रहेगी। स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा और जांच के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था में एआई-सक्षम जांच उपकरणों को भी शामिल किए जाने की योजना है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों की पहचान और निगरानी को बेहतर बनाया जा सके।
स्टेशन के बाहर दिल्ली पुलिस संभालेगी मोर्चा
वहीं, स्टेशनों के बाहर के हिस्से, पार्किंग एरिया और आसपास के क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस के प्रस्तावित पांच नए थानों की होगी। इन थानों के पुलिसकर्मी आपराधिक घटनाओं से जुड़े मामलों में एफआईआर दर्ज करने और जांच (तफ्तीश) का काम भी संभालेंगे। इस तरह स्टेशन परिसर के भीतर सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआईएसएफ और स्टेशन के बाहर कानून-व्यवस्था तथा आपराधिक मामलों की जांच की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस के बीच बांटने की तैयारी है। नए थानों को लेकर दिल्ली पुलिस और एनसीआरटीसी के बीच समन्वय किया जा रहा है। एनसीआरटीसी के माध्यम से प्रस्तावित थानों की रूपरेखा लगभग तैयार की जा चुकी है।
मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट सिक्योरिटी ग्रिड का हिस्सा होंगे थाने
पांच प्रमुख रणनीतिक स्थानों पर प्रस्तावित ये थाने दिल्ली पुलिस के ‘मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट सिक्योरिटी ग्रिड’ का हिस्सा होंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। किसी भी आतंकी खतरे या आपात स्थिति में दिल्ली पुलिस, रेलवे पुलिस और सीआईएसएफ के बीच रियल-टाइम में सूचनाओं का आदान-प्रदान आसान बनाने की योजना है। इससे किसी घटना की स्थिति में संबंधित एजेंसियां तेजी से जानकारी साझा कर कार्रवाई कर सकेंगी। जानकारी के अनुसार, नमो भारत कॉरिडोर और इसके प्रमुख स्थानों के सुरक्षा ऑडिट के दौरान इन रणनीतिक जगहों पर पुलिस थानों की जरूरत का सुझाव दिया गया था। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने पांच नए थाने स्थापित करने की योजना पर काम शुरू किया है। एनसीआरटीसी के साथ समन्वय कर इन थानों की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
इन पांच स्थानों पर खुलेंगे थाने
दिल्ली पुलिस की योजना के तहत 5 प्रमुख स्थानों पर थाने बनाए जाएंगे:
सराय काले खां- आरआरटीएस का प्रमुख और सबसे बड़ा टर्मिनल।
आनंद विहार- दिल्ली-मेरठ रूट का प्रमुख मल्टीमॉडल हब।
कश्मीरी गेट
मुकरबा चौक
IGI एयरपोर्ट
इन थानों की योजना को भविष्य में नमो भारत कॉरिडोर के विस्तार को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। कॉरिडोर के दूसरे चरण में प्रस्तावित दिल्ली-पानीपत और दिल्ली-अलवर रूट की सुरक्षा जरूरतों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।
फिलहाल बूथ और चौकियों से निगरानी
नए पुलिस थानों के प्रशासनिक भवनों के निर्माण में समय लगने की संभावना है। ऐसे में यात्रियों की तत्काल सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एनसीआरटीसी के सहयोग से स्टेशनों के पास अस्थायी पुलिस बूथ और चौकियां बनाई गई हैं। आनंद विहार नमो भारत स्टेशन के गेट नंबर-2 के पास एक पुलिस चौकी शुरू भी की जा चुकी है। यह चौकी पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र थाने के अधीन काम कर रही है। प्रस्तावित पांचों थानों के पूरी तरह अस्तित्व में आने के बाद नमो भारत से इंटर-सिटी यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए सुरक्षा व्यवस्था स्थानीय स्तर पर और सुलभ होने की उम्मीद है। किसी आपात स्थिति या अपराध की शिकायत के लिए यात्रियों को दूर स्थित थाने तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


