दो आरोपियों के खिलाफ दर्ज हैं संगीन अपराधों के 10 मामले, पुलिस ने संबंधित विभागों के साथ मिलकर की कार्रवाई
सुशीला देवी, गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस ने आदतन अपराधियों और अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मंगलवार को दो आरोपियों के मकानों पर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, एक मकान को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त किया गया, जबकि दूसरे मकान को सीज कर दिया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट, हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में कुल 10 मामले दर्ज हैं।
आजाद उर्फ कालू का मकान ध्वस्त
अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने संबंधित विभागों के समन्वय से अशोक विहार फेज-3 में एयरफोर्स स्टेशन की दीवार के पास बने आजाद उर्फ कालू के मकान पर कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक करीब 50 वर्ग गज में बने इस मकान को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार आजाद उर्फ कालू के खिलाफ थाना सेक्टर-5 और उद्योग विहार में NDPS एक्ट, आबकारी अधिनियम, SC/ST एक्ट समेत अन्य धाराओं में 6 मामले दर्ज हैं।

बीरू कुमार का मकान किया सीज
दूसरी कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) ने की। टीम ने गांव गुरुग्राम में छोटी माता मंदिर के पास करीब 100 वर्ग गज में बने बीरू कुमार के मकान को सीज कर दिया।
पुलिस के अनुसार बीरू कुमार के खिलाफ थाना सेक्टर-14, सिटी और सेक्टर-9A में NDPS एक्ट, हत्या, अपहरण और मारपीट समेत 4 मामले दर्ज हैं।
अवैध कब्जों पर आगे भी कार्रवाई
गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि आदतन अपराधियों और अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि अपराध में संलिप्त लोगों की गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


