फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती के ‘ड्राई-डे’ पर नियमों की धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है। डबुआ-पाली रोड स्थित शराब के एक ठेके का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में ठेका बाहर से पूरी तरह बंद नजर आ रहा है, लेकिन अंदर मौजूद लोग शटर के नीचे से लोगों को शराब की बोतलें बेचते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मौके पर ही इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर पुलिस और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।

शटर के नीचे से हाथ डालकर बोतलें लेते दिखे लोग

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि शराब का ठेका बाहर से शटर डाउन है। इसी दौरान बाहर खड़े कुछ लोग शटर के नीचे बने थोड़े से गैप से हाथ अंदर डालते हैं और पैसे देते हैं। बदले में अंदर मौजूद करिंदे शटर के नीचे से ही शराब की बोतलें बाहर थमा देते हैं। वीडियो बनाने वाले स्थानीय लोगों का दावा है कि 2 अक्टूबर को सरकारी आदेशों के बावजूद ठेके के अंदर से खुलेआम शराब बेची जा रही थी।

2 अक्टूबर को रहता है पूर्ण प्रतिबंध

दरअसल, 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर पूरे देश में ड्राई-डे रहता है। इस दिन शराब की दुकानों, ठेकों और बार को बंद रखने के सख्त सरकारी आदेश होते हैं। इस नियम के बावजूद फरीदाबाद के डबुआ-पाली रोड पर बंद शटर के नीचे से हुई इस बिक्री ने इलाके में चर्चा छेड़ दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब ड्राई-डे पर भी इस तरह चोरी-छिपे शराब बिकेगी, तो नियमों की पालना पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

स्थानीय लोगों ने जांच और कार्रवाई की मांग उठाई

घटना के बाद स्थानीय निवासियों में काफी नाराजगी है। लोगों ने आरोप लगाया कि ठेके के अंदर से सरेआम शराब की बिक्री की जा रही थी। निवासियों का कहना है कि प्रशासन को इस मामले का संज्ञान लेना चाहिए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जांच बैठाकर सख्त कदम उठाने चाहिए, ताकि आगे ऐसी लापरवाही न हो।

गलत हरकत मिली तो होगी सख्त कार्रवाई: पुलिस

इस पूरे मामले पर डबुआ थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि इलाके में पुलिस की राइडर टीम लगातार गश्त कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी व्यक्ति इस तरह की गलत या गैर-कानूनी हरकत करते हुए मिलता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित विभाग (आबकारी विभाग) भी मामले की जांच कर सकता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m