कर्ण मिश्रा, ग्वालियर/अशोकनगर। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिला अस्पताल में एक दिन की नवजात बच्ची की अत्यधिक संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बच्ची के गले पर गहरे निशान और मुंह से खून निकला देख अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्राथमिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने बच्ची का गला घोंटकर हत्या किए जाने की गंभीर आशंका जताई है।

ये भी पढ़ें: रेत माफिया के खौफनाक खेल पर पुलिस का प्रहार! ‘Lalluram.com’ के खुलासे के बाद बैकफुट पर दबंग, 4 आरोपियों पर दर्ज हुआ केस

चंदेरी के सकबारा गांव की भावना ने दिया था बच्ची को जन्म

जानकारी के मुताबिक चंदेरी थाना क्षेत्र के ग्राम सकबारा निवासी 25 वर्षीय भावना पति केदार सिंह विश्वकर्मा को डिलीवरी के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया, जिसके बाद नवजात और मां को अस्पताल के PNC वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया था। दोपहर के वक्त अचानक बच्ची की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई। जब परिजनों ने उसे करीब से देखा, तो मासूम के गले पर संदिग्ध निशान थे और मुंह से खून बह रहा था। आनन-फानन में बच्ची को डॉक्टरों के पास ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

प्राथमिक पोस्टमार्टम में गला घोंटने का शक, मां और दादी से पूछताछ

घटना की सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह चौहान पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने नवजात का मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस के अनुसार शुरुआती पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण गला घोंटना यानि दम घुटना सामने आया है। हालांकि मौत की असली वजह विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी। घटना के समय अस्पताल में नवजात की माँ और दादी ही मौजूद थीं, जबकि पिता अपनी चाची को लेकर गाँव गए हुए थे। पुलिस फिलहाल मां और दादी दोनों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है।

ये भी पढ़ें: सिंगरौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 20 हजार लीटर अवैध डीजल पकड़ा गया, 55 लाख के मशरूका संग चालक गिरफ्तार

वार्ड में नहीं थे सीसीटीवी कैमरे

इस पूरी खौफनाक घटना में अस्पताल प्रबंधन की बड़ी लापरवाही भी उजागर हुई है, क्योंकि जिस पीएनसी वार्ड में महिला भर्ती थी, वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। इसके बावजूद पुलिस ने अस्पताल के मुख्य गेट और अन्य कॉरिडोर्स में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालना शुरू कर दिया है ताकि घटना से जुड़े किसी बाहरी संदिग्ध या अहम सुराग का पता लगाया जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m