इदरीश मोहम्मद, पन्ना। ​पन्ना के अजयगढ़ क्षेत्र में केन-बेतवा, रुंझ और मझगाएं बांध परियोजनाओं से प्रभावित आदिवासियों का आंदोलन अब राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी ताकत बन चुका है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद बृंदा करात ने अजयगढ़ पहुंचकर आंदोलनकारियों का हौसला बढ़ाया और बेदखली के खिलाफ खुलकर मोर्चा संभाला। उन्होंने आंदोलन का नेतृत्व कर रही युवा नेत्री दिव्या अहिरवार की गिरफ्तारी और उन पर दर्ज झूठे मुकदमों की सख्त निंदा करते हुए कहा कि दिव्या Zen-Z पीढ़ी का निडर चेहरा है, जो हर जुल्म का सीना ठोककर मुकाबला करेगी और सरकार के दमनकारी रवैये के आगे कभी नहीं झुकेगी।

बृंदा करात ने मोदी और मोहन सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विकास के छलावे में आदिवासियों की जमीन छीनी जा रही है और पुलिस प्रशासन बिना पहचान के गांवों में घुसकर महिलाओं को प्रताड़ित कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लाल झंडा अब इस लड़ाई में विस्थापितों के साथ पूरी ताकत से खड़ा है। अमित भटनागर, जसविंदर सिंह और केश कुमार कुशवाहा जैसे नेताओं की मौजूदगी में यह संकल्प लिया गया कि मुआवजा, अधिकार और न्याय की यह लड़ाई अब अजयगढ़ की गलियों से निकलकर भोपाल और दिल्ली के गलियारों तक गूंजेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m