दिल्ली के चावड़ी बाजार स्थित गली सितारा में निर्माणाधीन इमारत ढहने के मामले में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने सख्त कार्रवाई की है। हादसे में दो लोगों की मौत के बाद मुख्यमंत्री खुद घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मामले में लापरवाही बरतने के आरोपों के बीच संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने संबंधित सहायक अभियंता (AE) मोहम्मद नदीम और कनिष्ठ अभियंता (JE) अमन दलाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। हादसे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का दौरा कर राहत एवं बचाव अभियान की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और बचाव कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों से हादसे की पूरी जानकारी ली। उन्होंने मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उनके परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया। साथ ही घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और राहत एवं बचाव अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।

50 वर्ग मीटर के प्लॉट पर बन रही थी इमारत

हादसे से जुड़े शुरुआती तथ्यों के मुताबिक, ढही हुई इमारत करीब 50 वर्ग मीटर के प्लॉट पर बनाई जा रही थी। जांच में एक अहम तथ्य सामने आया है कि इस इमारत को लेकर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के पास पहले कोई शिकायत दर्ज नहीं थी। इतना ही नहीं, निगम की ओर से भी इस निर्माण के खिलाफ पहले कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। हादसे के बाद एमसीडी के संबंधित अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने AE मोहम्मद नदीम और JE अमन दलाल को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने को कहा गया है।

घटनास्थल पर दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), एमसीडी, कैट्स और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीमें जुटी हुई हैं। सभी एजेंसियां आपसी तालमेल के साथ मलबे की जांच और बचाव अभियान चला रही हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे को लेकर स्पष्ट किया है कि इसके लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पूरे मामले की गहन जांच कराई जाएगी और दोषियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

कई एजेंसियां मिलकर चला रहीं बचाव अभियान

हादसे के बाद घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य के लिए विभिन्न सरकारी एजेंसियों की टीमें तैनात की गई हैं। दिल्ली अग्निशमन सेवा, पुलिस, एनडीआरएफ और अन्य संबंधित विभागों के कर्मचारी मलबे की जांच कर रहे हैं। अभियान के दौरान सभी एजेंसियों के बीच समन्वय बनाए रखा जा रहा है, ताकि राहत कार्य प्रभावी तरीके से पूरा किया जा सके।

दो लोगों की मौत से इलाके में शोक

इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद चावड़ी बाजार इलाके में शोक का माहौल है। इस दौरान मंत्री आशीष सूद और सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने भी घटनास्थल से जुड़ी जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार के लिए नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m