० फरीदाबाद के सोतई गांव में विशाल अजगर को देखकर सहमे लोग, वीडियो बनाने जुटी भीड़
फरीदाबाद। फरीदाबाद के सोतई गांव के पास सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब आगरा नहर किनारे करीब 12 फीट लंबा विशाल अजगर दिखाई दिया। सड़क के पास पड़े अजगर को देखते ही राहगीरों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई, जबकि कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अजगर काफी देर तक नहर किनारे सड़क के पास पड़ा रहा, जिससे वहां से गुजरने वाले वाहन चालक भी रुक गए। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से इस दुर्लभ नजारे का वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने वन्य एवं प्राणी विभाग को सूचना दी। हालांकि विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही अजगर धीरे-धीरे नहर की ओर बढ़ गया और झाड़ियों के बीच ओझल हो गया।
ठंडी जगहों की तलाश में निकल रहे बाहर
स्थानीय लोगों का कहना है कि आगरा नहर क्षेत्र में पहले भी कई बार अजगर और अन्य वन्य जीव दिखाई दे चुके हैं। उनका मानना है कि बढ़ती गर्मी के कारण ये जीव पानी और ठंडी जगहों की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों के करीब पहुंच रहे हैं।
हालांकि इस घटना में किसी व्यक्ति या पशु को कोई नुकसान नहीं पहुंचा, लेकिन विशाल अजगर के अचानक दिखाई देने से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। वन विभाग ने लोगों से ऐसे वन्य जीव दिखने पर उनसे दूरी बनाए रखने और तुरंत विभाग को सूचना देने की अपील की है।

