नीमडीह। सरायकेला-खरसावां जिले के रघुनाथपुर में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रैनबो इंग्लिश स्कूल के छात्रावास से करीब पांच साल का बच्चा बाहर निकल गया। सुबह करीब 4 बजे बच्चा हॉस्टल से निकलकर रघुनाथपुर की ओर पहुंच गया। इसी दौरान टहलने निकले ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी।
डरा-सहमा था मासूम, शिक्षक के साथ जाने से किया इनकार
ग्रामीणों ने बच्चे को अकेला और भयभीत देखा तो उसे रघुनाथपुर की एक चाय दुकान पर बैठाकर रखा। कुछ देर बाद स्कूल का शिक्षक बच्चे को लेने पहुंचा, लेकिन बच्चा उसके साथ छात्रावास जाने के लिए तैयार नहीं हुआ।बच्चा काफी रोने लगा, जिसके बाद ग्रामीणों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नीमडीह पुलिस को सूचना दी।
पुलिस टीम बच्चे को थाने ले गई
सूचना मिलते ही एएसआई टुना प्रसाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस बच्चे को अपने साथ थाना ले गई और उससे पूछताछ की।पूछताछ में बच्चे ने अपना नाम अर्णव गोप और पिता का नाम कुणाल गोप बताया। उसने अपना पता बलरामपुर मस्जिद रोड बताया।
पुलिस ने परिजनों से किया संपर्क
बच्चे से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क किया और उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद बच्चे के परिवार तक सूचना पहुंचाई गई।
फिलहाल बच्चा हॉस्टल से बाहर कैसे निकला और उस वक्त सुरक्षा व्यवस्था कैसी थी, इसे लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। घटना ने छात्रावास में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।



