करमाटांड़ (जामताड़ा)। झारखंड के जामताड़ा जिले में बुधवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। करमाटांड़-मधुपुर मुख्य सड़क पर इंद्राटांड़ के पास मवेशी लदा बोलेरो तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में बोलेरो सवार दो लोगों की मौत हो गई। वहीं वाहन में लदे पांच मवेशियों में से तीन बैलों की भी मौत होने की सूचना है।

तीखे मोड़ पर बिगड़ा वाहन का संतुलन

जानकारी के अनुसार, बोलेरो में पांच मवेशियों को लेकर ले जाया जा रहा था। इंद्राटांड़ के पास सड़क के तीखे मोड़ पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।

दोनों मृतक चिरूडीह गांव के रहने वाले

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान नारायणपुर थाना क्षेत्र के चिरूडीह गांव निवासी रफीक अंसारी और अशरफ अंसारी के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही करमाटांड़ थाना प्रभारी अलकनाथ चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, जामताड़ा भेज दिया।

मवेशी परिवहन को लेकर भी जांच शुरू

दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो का नंबर 15 जी 1899 बताया गया है। पुलिस अब हादसे के कारणों के साथ-साथ वाहन में मवेशियों को ले जाने की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पशुओं का परिवहन नियमों के तहत किया जा रहा था या नहीं और संबंधित दस्तावेज मौजूद थे या नहीं।

ग्रामीणों ने उठाए परिवहन के तरीके पर सवाल

घटना के बाद छोटे पैसेंजर वाहन में मवेशियों को ले जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह मवेशियों का परिवहन उनकी सुरक्षा के लिहाज से उचित नहीं है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से वाहन और मवेशियों के परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर नियमों के उल्लंघन की स्थिति में कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।