सिरसा। ऐलनाबाद उपमंडल के गांव तलवाड़ा खुर्द के पास सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की जान चली गई, जबकि एक ही परिवार के पांच अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब परिवार के लोग सड़क किनारे टहल रहे थे और एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर उन पर चढ़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर लगते ही लोग दूर जा गिरे। हादसे में करीब 35 वर्षीय महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है और कार चालक की तलाश की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

