Odisha Desk, पूरी: ओडिशा के विश्व प्रसिद्ध पूरी जगन्नाथ मंदिर में सोमवार शाम एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। एक अज्ञात श्रद्धालु बंदर द्वारा अपना पर्स छीन लिए जाने के बाद उसे वापस पाने की कोशिश में 214 फीट ऊंचे मुख्य मंदिर के शिखर पर चढ़ गया। इस घटना से मंदिर परिसर में मौजूद सेवादारों और सुरक्षाकर्मियों के बीच हड़कंप मच गया।
मंदिर के शीर्ष (नीलचक्र के पास) व्यक्ति को देखकर सुरक्षा बलों ने तुरंत मोर्चा संभाला। पुलिस अधिकारियों ने सूझबूझ से काम लेते हुए उसे नीचे उतरने के लिए राजी किया। गनीमत रही कि वह बिना किसी चोट के सुरक्षित नीचे उतर आया।

पूरी के एसपी प्रतीक सिंह ने बताया कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति का दावा है कि एक बंदर उसका पर्स छीनकर ऊपर भाग गया था, जिसका पीछा करते-करते वह मंदिर के शिखर तक पहुंच गया। फिलहाल पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे की असली वजह और सच्चाई का पता लगाया जा सके। इस घटना ने सदियों पुराने इस पवित्र मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मंदिर के सेवादार श्याम महापात्र ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतिबंधित क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के प्रवेश को रोकने के लिए कड़ी चौकसी की आवश्यकता है। पिछले साल भी श्रद्धालुओं को मंदिर पर चढ़ने से रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेड्स लगाए गए थे, लेकिन इसके बावजूद ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं।
जगन्नाथ मंदिर के 214 फीट ऊंचे शिखर पर चढ़ना सख्त वर्जित है। पारंपरिक रूप से केवल ‘चूनरा नियोग’ के सेवादारों को ही नीलचक्र पर ध्वज बांधने (ध्वजाबांध) और महीने में दो बार महादीप प्रज्वलित करने के लिए ऊपर जाने की अनुमति होती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


