राकेश कथूरिया, कैथल। हरियाणा के कैथल जिले में मानव सेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया है. नारायण सेवा संस्थान की इकाई दया गुप्ता मानव मंदिर और नारायण सेवा केंद्र की ओर से आगामी 26 जुलाई को एक भव्य स्नेह मिलन एवं भामाशाह सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सभी पदाधिकारियों ने मिलकर विस्तृत चर्चा की है.

बैठक में यह जानकारी दी गई कि यह विशेष समारोह रविवार, 26 जुलाई 2026 को सुबह दस बजे से दोपहर दो बजे तक हनुमान वाटिका, कैथल में संपन्न होगा. इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद, निराश्रित और दिव्यांग भाइयों-बहनों तक मदद पहुंचाना है. कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंदों को कृत्रिम अंग और अन्य जरूरी सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे, जिससे उनके जीवन में नई उम्मीद जग सके.

पलक अग्रवाल विशेष अतिथि

इस कार्यक्रम में नारायण सेवा संस्थान की निदेशिका श्रीमती पलक अग्रवाल विशेष अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी. वे संस्थान द्वारा चलाए जा रहे दिव्यांग पुनर्वास और आत्मनिर्भरता के अभियानों की जानकारी साझा करेंगी. इसके साथ ही समाज में निस्वार्थ भाव से सेवा कार्य करने वाले प्रमुख भामाशाहों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने जरूरतमंदों की मदद में अपना अमूल्य योगदान दिया है.

संस्थान के सदस्यों ने कैथल और आसपास के सभी गणमान्य नागरिकों, चिकित्सकों, व्यापारियों, युवाओं और आम जनता से अपील की है कि वे परिवार सहित इस समारोह में पहुंचे और मानव सेवा के इस पुण्य कार्य का हिस्सा बनें. समाज के सहयोग से ही ऐसे अभियानों को सफल बनाया जा सकता है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m